गाजियाबाद: फेसबुक दोस्त से मिलने गई विवाहिता की हत्या, शराब पार्टी के बाद ईंट से किया गया हमला
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में एक 28 वर्षीय विवाहित महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला अपने फेसबुक दोस्त से मिलने गई थी, जहां एक कमरे में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद…
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में एक 28 वर्षीय विवाहित महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला अपने फेसबुक दोस्त से मिलने गई थी, जहां एक कमरे में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद उसकी ईंट से वार कर हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में महिला के दोस्त और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
मृतका की पहचान पिंकी (28) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थी। करीब चार-पांच महीने पहले उसकी दोस्ती फेसबुक पर बुलंदशहर के ही रहने वाले पिंटू नाम के युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी थी।
विवाद के बाद हुई हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, सोमवार को पिंटू, पिंकी से मिलने आया था। इसके बाद पिंकी लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी चौकी के पास एक कमरे में पहुंची, जहां पिंटू का एक साथी भी मौजूद था। आरोप है कि तीनों ने वहां साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिंकी की दोनों युवकों से कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि पिंटू और उसके साथी ने कथित तौर पर पिंकी के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को वहां से शराब की बोतल, गिलास और अन्य सामान बरामद हुआ है। हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
अंकुर विहार के एसीपी अमरदीप मौर्य ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट: IANS



