EIL में एसोसिएट इंजीनियर बनने का मौका: 20 पदों के लिए आवेदन 12 अक्टूबर तक
अगर आप एक अनुभवी इंजीनियर हैं और किसी प्रतिष्ठित सरकारी कंपनी में काम करना चाहते हैं, तो इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है। कंपनी ने निश्चित अवधि के आधार पर एसोसिएट…
अगर आप एक अनुभवी इंजीनियर हैं और किसी प्रतिष्ठित सरकारी कंपनी में काम करना चाहते हैं, तो इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है। कंपनी ने निश्चित अवधि के आधार पर एसोसिएट इंजीनियर के 20 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो रही है।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 20 रिक्तियां भरी जानी हैं। इनमें एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-I (मैकेनिकल/मेटलर्जिकल इंस्पेक्शन) के लिए 16 पद और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-I (इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्शन) के लिए 4 पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 अक्टूबर तक EIL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
शैक्षणिक योग्यता: इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से मैकेनिकल/मेटलर्जिकल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में न्यूनतम 60% अंकों के साथ बीई/बीटेक या बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री होनी चाहिए।
अनुभव और आयु सीमा: डिग्री के अलावा, संबंधित क्षेत्र में कम से कम 2 साल का कार्य अनुभव भी अनिवार्य है। आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन उनके आवेदन और प्रमाणपत्रों की जांच के बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। समाचार एजेंसी ने बताया है कि चयन प्रक्रिया के लिए साक्षात्कार गुरुग्राम, मुंबई, पुणे, वडोदरा, चेन्नई और कोलकाता स्थित EIL कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। इसकी सटीक तारीख, समय और स्थान की सूचना उम्मीदवारों को उनकी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी।
अंतिम रूप से चयनित होने वाले उम्मीदवारों को प्रति माह 57,600 से 64,000 रुपये के बीच वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें कंपनी के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
इनपुट: IANS



