EIL में एसोसिएट इंजीनियर के 12 पदों पर भर्ती, ₹64,000 तक वेतन, जानें आवेदन प्रक्रिया
अगर आप इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अनुभव रखते हैं और एक अच्छी नौकरी की तलाश में हैं, तो इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार…
अगर आप इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अनुभव रखते हैं और एक अच्छी नौकरी की तलाश में हैं, तो इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, EIL ने एक निश्चित अवधि के लिए अनुभवी इंजीनियरों के 12 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 8 सितंबर तक अप्लाई कर सकते हैं।
यह भर्ती एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-1 के पदों के लिए की जा रही है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार EIL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि से पहले अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
पदों का विवरण और शैक्षणिक योग्यता
कुल 12 रिक्तियों में पाइपलाइन/पाइपिंग इंजीनियर के 6 पद, ऑफशोर स्ट्रक्चरल इंजीनियर के 4 पद और प्रोजेक्ट इंजीनियर के 2 पद शामिल हैं। पद के अनुसार उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में इंजीनियरिंग की डिग्री (बीई/बीटेक/बीएससी) होनी चाहिए। इसके साथ ही, संबंधित क्षेत्र में कम से कम 2 साल का कार्य अनुभव भी अनिवार्य है।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 32 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और वॉक-इन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू के बाद दस्तावेज़ों का सत्यापन होगा। वॉक-इन इंटरव्यू गुरुग्राम, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता, मुंबई और वडोदरा स्थित EIL कार्यालयों में आयोजित किए जाएँगे। चयन प्रक्रिया की सटीक तारीख, समय और स्थान की जानकारी उम्मीदवारों को उनकी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी।
वेतन और अन्य भत्ते
इस भर्ती प्रक्रिया में अंतिम रूप से चयनित होने वाले उम्मीदवारों को प्रति माह ₹57,600 से ₹64,000 के बीच वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें अन्य भत्ते और लाभ भी मिलेंगे।
इनपुट: IANS



