ECHS में मेडिकल और अन्य पदों पर भर्ती, 14 अक्टूबर तक करें आवेदन
अगर आप मेडिकल, पैरा-मेडिकल या नॉन-मेडिकल क्षेत्र में नौकरी की तलाश में हैं, तो पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) एक अच्छा अवसर लेकर आई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ECHS ने…
अगर आप मेडिकल, पैरा-मेडिकल या नॉन-मेडिकल क्षेत्र में नौकरी की तलाश में हैं, तो पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) एक अच्छा अवसर लेकर आई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ECHS ने कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर 23 पदों के लिए आवेदन मंगाए हैं, जिनकी अंतिम तिथि 14 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इन पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र को ECHS की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा और उसे भरकर संबंधित दस्तावेजों के साथ 'ओआईसी, स्टेशन मुख्यालय (ईसीएचएस सेल)' के पते पर भेजना होगा।
खाली पद और वेतनमान
ECHS द्वारा जारी इस भर्ती में कुल 23 रिक्तियां हैं। इनमें रेडियोलॉजिस्ट के 2, गायनेकोलॉजिस्ट का 1, मेडिकल स्पेशलिस्ट का 1, मेडिकल ऑफिसर के 6, नर्सिंग असिस्टेंट के 3 और फार्मासिस्ट का 1 पद शामिल है। इसके अलावा डेंटल टेक, सीआईके, महिला अटेंडेंट, चौकीदार और सफाईवाला के लिए भी 1-1 पद हैं, जबकि डीईओ और प्यून के लिए 2-2 पद रखे गए हैं। पद के अनुसार चयनित उम्मीदवारों का वेतन 21,800 रुपए से लेकर 1,30,000 रुपए प्रति माह के बीच होगा।
पात्रता और चयन प्रक्रिया
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन या संबंधित कोर्स/डिप्लोमा का प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। स्पेशलिस्ट पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में एमडी/एमएस की डिग्री और कार्य अनुभव भी जरूरी है। उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा।
इंटरव्यू की तारीख और जरूरी बातें
चयन प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू 2 नवंबर को सुबह 9:30 बजे स्टेशन मुख्यालय में आयोजित होगा। इसके लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 9 बजे रखा गया है। इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेजों और उनकी फोटोकॉपी साथ लाने की सलाह दी गई है। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि भूतपूर्व सैनिकों (ESM) के लिए नियुक्ति की अवधि एक साल और सामान्य नागरिकों के लिए 11 महीने होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
इनपुट: IANS



