दिल्ली एयरपोर्ट पर तस्करी का अनोखा तरीका: अनजान यात्रियों की ट्रॉली में चिपकाकर ला रहे थे करोड़ों का सोना
दिल्ली में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी के एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसमें तस्करों ने एयरपोर्ट पर अनजान यात्रियों को अनजाने में ही अपना वाहक बना लिया। समाचार एजेंसी IANS के…
दिल्ली में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी के एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसमें तस्करों ने एयरपोर्ट पर अनजान यात्रियों को अनजाने में ही अपना वाहक बना लिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस कार्रवाई में अधिकारियों ने 1.3 किलोग्राम सोने के बिस्कुट जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 1.8 करोड़ रुपए बताई गई है।
तस्करों ने मलेशिया के कुआलालंपुर से लाए गए सोने को लगेज ट्रॉली में चिपकाकर छिपा दिया था। इसके बाद वे ऐसे यात्रियों को निशाना बनाते थे जो कस्टम जांच पार करने के लिए उन ट्रॉलियों का इस्तेमाल कर रहे होते थे। यात्री जैसे ही जांच पूरी करके बाहर निकलते, तस्कर उनका पीछा करते और मौका देखकर ट्रॉली से सोना निकाल लेते। इस तरह भोले-भाले यात्रियों को इस बात की भनक तक नहीं लगती थी कि उनके सामान ढोने वाली ट्रॉली में करोड़ों का सोना छिपा है।
हाल ही में मुंबई में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
यह घटना सोने की तस्करी के लिए अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों को उजागर करती है। इससे पहले, 25 सितंबर को डीआरआई की मुंबई यूनिट ने भी एक बड़ी कार्रवाई की थी। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर की गई इस कार्रवाई में 9.40 किलोग्राम सोना जब्त किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 14.81 करोड़ रुपए थी।
इस मामले में दुबई से आए तीन भारतीय यात्रियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में पता चला कि उन्होंने सोने को बारीक पाउडर में बदलकर उसे दूध पाउडर, ओट्स, आटा, न्यूटेला और नारियल पाउडर जैसे खाद्य पदार्थों के पैकेट में मिला दिया था ताकि वह जांच में पकड़ा न जा सके। पूछताछ में तीनों ने एक ही संगठित तस्करी गिरोह के लिए काम करने की बात कबूल की थी।
इनपुट: IANS



