नोएडा: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, कम दाम में बाइक बेचने वाले तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार
नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा के थाना फेस-3 पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार…
नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा के थाना फेस-3 पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइकें बरामद की हैं। ये आरोपी पहले वाहनों की रेकी करते थे और फिर उन्हें चुराकर दूसरे जिलों में बेच देते थे।
पुलिस ने यह कार्रवाई 28 और 29 अगस्त की दरमियानी रात को अंजाम दी। एक गोपनीय सूचना और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-71 में जागृति अपार्टमेंट्स के पीछे सर्विस रोड पर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को धर दबोचा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें मिलीं।
ऐसे काम करता था गिरोह
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में घूमकर मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वे वाहन चुरा लेते और उन्हें किसी सुरक्षित जगह पर छिपा देते थे। जब कई बाइकें जमा हो जाती थीं, तो वे उन्हें दूसरे जिलों में ले जाकर लोगों को अपनी कोई मजबूरी बताकर बेच देते थे। चोरी के वाहन होने के कारण वे इन्हें बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेचते थे।
आरोपियों की पहचान और पिछला रिकॉर्ड
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निखिल यादव (25), दीपांशु कुमार (20) और विक्की (24) के रूप में हुई है। निखिल गौतमबुद्धनगर के बहलोलपुर का रहने वाला है, जबकि दीपांशु और विक्की मूल रूप से हापुड़ और बिहार के शिवहर जिले के हैं और फिलहाल गढ़ी चौखंडी में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-3 में पहले से ही वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही, इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहन खरीदने वालों के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कुल कितनी चोरियों को अंजाम दिया है।
इनपुट: IANS



