दिल्ली: मोती नगर की दुकान के ट्रायल रूम में मिली 19 साल की युवती की लाश, देवर पर हत्या का आरोप
दिल्ली के मोती नगर इलाके में शनिवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कपड़े की दुकान के ट्रायल रूम में 19 वर्षीय कर्मचारी शबनम का खून से सना शव मिला। युवती दुकान में काम करती थी और अचानक लापता हो गई…
दिल्ली के मोती नगर इलाके में शनिवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कपड़े की दुकान के ट्रायल रूम में 19 वर्षीय कर्मचारी शबनम का खून से सना शव मिला। युवती दुकान में काम करती थी और अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू हुई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मोती नगर के 6/18 स्थित 'वस्त्र महल' नाम की इस दुकान को सील कर दिया है और जांच जारी है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मृतका के पिता सोने लाल ने अपनी बेटी के देवर सूरज पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के वक्त वह अपने गांव में थे और उन्हें रात करीब नौ बजे फोन पर बेटी की हत्या की खबर मिली। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने पुलिस से इस मामले में छह लोगों को सजा देने की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक व्यक्ति के पिता भी शामिल हैं। पिता ने आरोपी की मां की भूमिका को सबसे मुख्य बताया।
डेढ़ साल पुराना पारिवारिक विवाद
सोने लाल ने IANS से बातचीत में डेढ़ साल पुराने एक पारिवारिक विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय परिवार में झगड़ा और मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, बाद में इसी साल मई महीने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। सोने लाल के मुताबिक, उनकी दो बेटियां उसी परिवार में ब्याही गई हैं, लेकिन सुलह के बाद बड़े बेटे और उसके माता-पिता से बातचीत लगभग बंद थी। पुलिस अब इस पुराने विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है ताकि हत्या के मकसद का पता लगाया जा सके।
घटना का घटनाक्रम: कैसे मिला शव?
पड़ोस के दुकानदार आशु ने बताया कि शाम पौने सात बजे के आसपास उन्होंने शबनम को दुकान में देखा था। बाद में, दुकान की मालकिन ने फोन कर बताया कि शबनम कहीं दिख नहीं रही है और दुकान खाली है, इसलिए चोरी की आशंका के चलते शटर गिरा दें। कुछ देर बाद मालकिन के भेजे कुछ लड़के वहां पहुंचे और बताया कि सीसीटीवी फुटेज में शबनम दुकान से बाहर जाती नहीं दिखी।
आशु के मुताबिक, जब उन्होंने लड़कों के साथ दुकान के अंदर जाकर देखा तो ट्रायल रूम बाहर से बंद था और दरवाजे के नीचे से खून बह रहा था। उन्होंने तुरंत पुलिस और शबनम के परिवार को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ट्रायल रूम खोला तो अंदर शबनम का शव पड़ा था।
इनपुट: IANS



