पूर्वी दिल्ली: मंडावली इलाके में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस कर रही जांच
दिल्ली के मंडावली इलाके में गुरुवार रात एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान वंश डेढा के रूप…
दिल्ली के मंडावली इलाके में गुरुवार रात एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान वंश डेढा के रूप में हुई है। हमलावरों ने वंश पर चाकू से कई वार किए, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की है। सूत्रों के अनुसार, वंश पर हुए जानलेवा हमले के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे फौरन पास के मैक्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मंडावली थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनकी संख्या का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि हत्या की असली वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगी।
एक हफ्ते में दूसरी ऐसी घटना
यह घटना दिल्ली में इस महीने चाकूबाजी से हुई दूसरी हत्या है। इससे पहले 6 सितंबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में भी एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी। मृतक साहिल की हत्या का आरोप उसी की फैक्ट्री में काम करने वाले एक सहकर्मी पर लगा था। जाफराबाद पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहिल (21) और उसके एक नाबालिग साथी को चार घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया था और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया था।
इनपुट: IANS



