छत्तीसगढ़: धमतरी में त्योहारी सीजन से पहले बड़ी कार्रवाई, 1.20 लाख के अवैध पटाखे जब्त
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में त्योहारी मौसम के आगमन से पहले पुलिस ने अवैध पटाखा कारोबारियों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में, रुद्री पुलिस ने भटगांव गांव में एक नवनिर्मित मकान पर छापा…
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में त्योहारी मौसम के आगमन से पहले पुलिस ने अवैध पटाखा कारोबारियों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में, रुद्री पुलिस ने भटगांव गांव में एक नवनिर्मित मकान पर छापा मारकर 1.20 लाख रुपये मूल्य के अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा जब्त किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध पटाखा भंडारण और बिक्री पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए थे। इसी निर्देश के तहत, रुद्री पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि भटगांव में बिना लाइसेंस के बड़ी मात्रा में पटाखे जमा किए गए हैं और उन्हें बेचने की तैयारी चल रही है।
छापेमारी और बरामदगी
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। जांच के दौरान, उन्हें 10 खाची और 1 कार्टून में रखे विभिन्न कंपनियों के पटाखे मिले। इन पटाखों को बिना किसी वैध अनुमति या सुरक्षा उपायों के भंडारित किया गया था, जिससे आग लगने या किसी बड़ी दुर्घटना का गंभीर खतरा था। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित कीमत 1,20,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान भटगांव निवासी शुभम देवांगन (20) के रूप में की है। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल वैध लाइसेंस के साथ और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही पटाखों का भंडारण और बिक्री करें।
इनपुट: IANS



