दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे को बड़ी मज़बूती, गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में बनेगा 150 सीटों वाला नया मेडिकल कॉलेज
पश्चिमी दिल्ली के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। सरकार रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह सरकारी…
पश्चिमी दिल्ली के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। सरकार रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल के परिसर में एक नया मेडिकल कॉलेज स्थापित करने जा रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मेडिकल कॉलेज में MBBS की 150 और पोस्टग्रेजुएट (PG) की 40 सीटें होंगी, जिससे क्षेत्र में डॉक्टरों की उपलब्धता और विशेष इलाज की सुविधाएं बढ़ेंगी।
यह मेडिकल कॉलेज 1,322 बिस्तरों वाले एक व्यापक हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स का हिस्सा होगा। फिलहाल, गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पश्चिमी दिल्ली की लगभग 10 लाख की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराता है। इस बड़े विस्तार के बाद यहाँ के निवासियों को विशेष चिकित्सा, आपातकालीन इलाज और क्रिटिकल केयर जैसी ज़रूरी सेवाओं तक आसान पहुँच मिल सकेगी।
हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स की पूरी योजना
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के दिशानिर्देशों के अनुसार, यह कॉलेज अस्पताल के मौजूदा करीब 13 एकड़ के परिसर में बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत स्वास्थ्य ढांचे का भी बड़ा विस्तार हो रहा है। इसमें 472 बिस्तरों वाला एक अलग मातृ एवं शिशु अस्पताल और रघुबीर नगर में ही लगभग 8 एकड़ भूमि पर बन रहा 850 बिस्तरों वाला एक जनरल अस्पताल भी शामिल होगा। इन सभी के साथ मिलकर यह पश्चिमी दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
सरकार की प्रतिबद्धता
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इस पहल पर कहा, "मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार एक मजबूत स्वास्थ्य सेवा तंत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ सुलभ और उन्नत उपचार सुविधाएं शामिल हों।" उन्होंने आगे कहा, "इस मेडिकल कॉलेज की स्थापना और इससे जुड़े अस्पतालों का विस्तार लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने और भविष्य के लिए दीर्घकालिक क्षमता तैयार करने के प्रति हमारी गंभीरता को दर्शाता है।"
इस बीच, मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोमवार को बताया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए भी युद्धस्तर पर काम कर रही है। पिछले एक साल में 70 लाख पौधे लगाए गए, धूल नियंत्रण के लिए मशीनें तैनात की गईं और प्रदूषण हॉटस्पॉट्स की 24x7 निगरानी हो रही है।
इनपुट: IANS



