केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर ₹27 लाख ठगे, पांच साल से फरार 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार
करीब पांच साल पुराने एक बड़े साइबर फ्रॉड मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को अहम कामयाबी मिली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले के दो मुख्य सरगनाओं को गिरफ्तार कर लिया है, जो…
करीब पांच साल पुराने एक बड़े साइबर फ्रॉड मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को अहम कामयाबी मिली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले के दो मुख्य सरगनाओं को गिरफ्तार कर लिया है, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। इन पर केनरा बैंक की हू-ब-हू नकल वाली वेबसाइट बनाकर एक व्यक्ति से 27.10 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आरोपी मो. मेहरुद्दीन अंसारी और मो. अरसद अंसारी ने 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। ये दोनों कथित तौर पर जामताड़ा स्थित एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क के प्रमुख सदस्य हैं।
कैसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम?
यह मामला 8 जुलाई 2021 को विश्वजीत पॉल नामक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपने चेक से जुड़ी एक जानकारी चाहिए थी, जिसके लिए उन्होंने गूगल पर केनरा बैंक का कस्टमर केयर नंबर खोजा। उन्हें जो नंबर मिला, उस पर संपर्क करने के बाद जालसाजों ने उन्हें एक वेबसाइट का लिंक भेजा।
यह वेबसाइट बिल्कुल बैंक की असली वेबसाइट जैसी दिखती थी, जिसमें बैंक के लोगो और लेआउट का इस्तेमाल किया गया था। फोन पर मिले निर्देशों के मुताबिक, पीड़ित ने वेबसाइट पर अपने बैंक खाते की जानकारी दर्ज कर दी, जिससे उनके फोन में एक एप्लीकेशन डाउनलोड हो गई। इसके तुरंत बाद, उनके खाते से 27.10 लाख रुपये आठ अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।
जामताड़ा से चलता था पूरा नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक संगठित गिरोह चलाते थे। वे नामी बैंकों की फर्जी वेबसाइट बनाते और गूगल विज्ञापनों के जरिए फर्जी कस्टमर केयर नंबरों का प्रचार करते थे। जब कोई इन नंबरों पर फोन करता, तो वे या तो खुद बात करते या पैसे लेकर कॉल अपने दूसरे साथियों को ट्रांसफर कर देते थे। फिर वे पीड़ितों को लिंक भेजकर उनकी बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते और खाते खाली कर देते। इस मामले में इस्तेमाल हुई केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट कथित तौर पर मोहम्मद अरसद अंसारी ने डिजाइन की थी, जबकि मेहरुद्दीन अंसारी ने शिकायतकर्ता से ठगी की थी।
अब तक 10 गिरफ्तारियां
इस केस में दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ (IFSO) यूनिट ने पहले भी 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें वे लोग शामिल थे जो फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और ठगी के पैसे निकालने या ट्रांसफर करने में मदद करते थे। बाद में इनमें से छह आरोपी जमानत पर बाहर आ गए। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क के दो मुख्य सरगना लगातार फरार चल रहे थे, जिनके खिलाफ कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट भी जारी किए थे। अब उनके आत्मसमर्पण के बाद इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 10 हो गई है।
इनपुट: IANS



