दिल्ली: सगाई से लौट रहे युवक की मामूली कहासुनी में हत्या, चाक़ू से हमला कर आरोपी फरार
दिल्ली के नेताजी सुभाष प्लेस (एनएसपी) इलाके में गुरुवार देर रात एक मामूली सड़क विवाद ने 27 वर्षीय युवक की जान ले ली। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शकूरपुर में एक सगाई समारोह से लौट रहे योगेश नाम के…
दिल्ली के नेताजी सुभाष प्लेस (एनएसपी) इलाके में गुरुवार देर रात एक मामूली सड़क विवाद ने 27 वर्षीय युवक की जान ले ली। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शकूरपुर में एक सगाई समारोह से लौट रहे योगेश नाम के युवक की आई-20 कार में सवार कुछ लोगों से कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपियों ने उसके गले पर किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल योगेश को महाराजा अग्रसेन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस को घटना की सूचना देर रात करीब डेढ़ बजे मिली। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने ही योगेश को अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने की आरोपियों की पहचान
पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं, इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा है।
परिवार को नहीं पता झगड़े की वजह
योगेश की बुआ ने मीडिया को बताया, "हमें सिर्फ इतना पता चला है कि रात को सगाई से लौटते समय यह घटना हुई। योगेश की उम्र 27 साल थी। पुलिस आई थी लेकिन अभी क्या कार्रवाई हो रही है, हमें नहीं पता।" परिवार के अनुसार, योगेश बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने का काम करता था और उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। उन्होंने कहा, "हमारे बच्चे किसी से बोलते भी नहीं हैं। समझ नहीं आ रहा कि क्यों उसके साथ इस तरह की वारदात हुई।"
इनपुट: IANS



