दिल्ली बना रहा है अपना आपदा राहत बल SDERF, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिए निर्देश
अब किसी भी आपदा की स्थिति में दिल्ली के पास मदद के लिए अपनी त्वरित और प्रशिक्षित टीम होगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली में राज्य आपदा आपातकालीन राहत बल…
अब किसी भी आपदा की स्थिति में दिल्ली के पास मदद के लिए अपनी त्वरित और प्रशिक्षित टीम होगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली में राज्य आपदा आपातकालीन राहत बल (SDERF) के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार का लक्ष्य एक ऐसा तंत्र बनाना है जो किसी भी आपात स्थिति में तत्काल और प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सके।
इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली सचिवालय में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक भी हुई। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि इस मुलाकात का उद्देश्य एक अत्याधुनिक SDERF टीम के गठन के लिए जरूरी जानकारी और इनपुट लेना था।
सत्य निकेतन हादसे के बाद तेज हुई पहल
यह कदम हाल ही में सत्य निकेतन में हुए एक हादसे के बाद उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने उस घटना के बाद चलाए गए राहत और बचाव अभियान में NDRF की तत्परता और समन्वय की सराहना की थी। उन्होंने पूरी टीम का दिल्लीवासियों की ओर से आभार भी व्यक्त किया।
इससे पहले, 8 सितंबर को सत्य निकेतन हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एम्स जाकर घायल छात्रों से मुलाकात की थी और उनके इलाज की स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा था, "एम्स जाकर सत्य निकेतन हादसे में घायल छात्रों से मिली और उनके उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उनके परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि एम्स के चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार, दुर्घटना में घायल हुए सभी छात्रों के उपचार का पूरा खर्च वहन करेगी और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।"
उसी दिन, सीएमओ ने जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एमसीडी को हादसा स्थल से सटी जर्जर इमारत को गिराने का भी निर्देश दिया था। साथ ही, दिल्ली फायर सर्विस के कर्मियों द्वारा इमारत में फंसे छात्रों का सामान सुरक्षित निकाला गया था।
इनपुट: IANS



