दिल्ली: नंद नगरी में आधी रात को 50 नकाबपोशों का आतंक, 3 घरों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग और पत्थरबाज़ी
दिल्ली के नंद नगरी इलाके में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 50 नकाबपोश बदमाशों ने एक साथ तीन घरों पर हमला बोल दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने न सिर्फ…
दिल्ली के नंद नगरी इलाके में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 50 नकाबपोश बदमाशों ने एक साथ तीन घरों पर हमला बोल दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने न सिर्फ अंधाधुंध गोलियां चलाईं, बल्कि जमकर पत्थरबाजी भी की और बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इस हमले में तीनों घरों में मौजूद परिवार के लोग बाल-बाल बच गए।
घटना नंद नगरी थाना क्षेत्र के डी-2 ब्लॉक की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अज्ञात हमलावर गोली चलाते और पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं।
7 साल पुरानी रंजिश का आरोप
एक पीड़ित महिला ने IANS को बताया कि हमला करने वाले सभी लोगों ने मास्क पहने हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे 7 साल पुराना एक विवाद है, जो उनकी बेटी को लेकर शुरू हुआ था। महिला के अनुसार, "इसके बाद से अक्सर घर के बाहर फायरिंग की जाती है और कभी पथराव किया जाता है। हमारे लड़कों को मारा-पीटा जाता है। उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है।"
पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, "देर रात भी हमारे तीन घरों पर हमले हुए हैं। परिवार के सभी लोग ऊपर थे। अगर हम लोग ऊपर नहीं होते तो किसी की जान जा सकती थी। हमारे बच्चों को लगातार खतरा है और उन्हें गोली मारने की भी धमकी दी जाती है।"
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दूसरी घटना
यह घटना उत्तर-पूर्वी दिल्ली में उसी दिन हुई फायरिंग की दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले शुक्रवार को ही गोकलपुरी इलाके में नीरज (32) नाम के एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली राजवती नामक महिला पर गोली चलाने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि नीरज की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला था कि इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर का लाइसेंस मृतक के पिता के नाम पर था।
इनपुट: IANS



