दिल्ली: लड़की से जुड़े विवाद में युवक की हत्या, मौर्य एनक्लेव पुलिस ने 4 नाबालिगों को पकड़ा
दिल्ली के मौर्य एनक्लेव इलाके में एक लड़की को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई और उसका साथी घायल हो गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार…
दिल्ली के मौर्य एनक्लेव इलाके में एक लड़की को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई और उसका साथी घायल हो गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
घटना मंगलवार की है, जब पीतमपुरा के क्यूयू ब्लॉक स्थित चौधरी डेयरी के पास चाकूबाजी की सूचना मौर्य एनक्लेव पुलिस स्टेशन को एक पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी बीएसए अस्पताल पहुंचाया।
चाकू के हमले में एक की मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जिसकी पहचान अरुण के रूप में हुई है। वहीं, चाकू के हमले में घायल हुए दूसरे युवक आशु का इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पूरी घटना एक लड़की से जुड़े विवाद को लेकर हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद पर हुई बहस के बाद नाबालिग आरोपियों ने अरुण और आशु पर खंजर से हमला कर दिया। इस संबंध में मौर्य एनक्लेव थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
आला-ए-कत्ल बरामद
पुलिस ने हिरासत में लिए गए चार नाबालिगों में से एक की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना खंजर भी बरामद कर लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



