दिल्ली के बुराड़ी अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट की नौकरी, 30 अक्टूबर से हर शुक्रवार को वॉक-इन इंटरव्यू
अगर आप मेडिकल क्षेत्र में नौकरी की तलाश में हैं, तो दिल्ली का बुराड़ी अस्पताल आपके लिए एक मौका लेकर आया है। अस्पताल ने प्रसूति एवं स्त्री रोग (OBG) और जनरल सर्जरी विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल…
अगर आप मेडिकल क्षेत्र में नौकरी की तलाश में हैं, तो दिल्ली का बुराड़ी अस्पताल आपके लिए एक मौका लेकर आया है। अस्पताल ने प्रसूति एवं स्त्री रोग (OBG) और जनरल सर्जरी विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 16 अस्थायी (एड-हॉक) पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए चयन प्रक्रिया वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से पूरी की जाएगी।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ये इंटरव्यू 30 अक्टूबर से शुरू होकर 20 नवंबर तक चलेंगे। इच्छुक उम्मीदवार हर शुक्रवार को सुबह 9 से 11 बजे के बीच इंटरव्यू के लिए रिपोर्ट कर सकते हैं। इंटरव्यू में शामिल होने से पहले, उम्मीदवारों को अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
पदों का विवरण और पात्रता
जारी विज्ञापन के मुताबिक, कुल 16 रिक्तियों में से 10 पद सीनियर रेजिडेंट (OBG) और 6 पद सीनियर रेजिडेंट (जनरल सर्जरी) के लिए हैं। श्रेणी के अनुसार, OBG के 10 पदों में 3 सामान्य, 4 ओबीसी और 3 एससी के लिए आरक्षित हैं। वहीं, जनरल सर्जरी के 6 पदों में 2 सामान्य, 1 ओबीसी, 2 एससी और 1 एसटी के लिए हैं।
शैक्षणिक योग्यता: इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विषय में एमबीबीएस के साथ पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डीएनबी/डिप्लोमा होना चाहिए। साथ ही, इंटरव्यू के दिन तक उम्मीदवार का दिल्ली मेडिकल काउंसिल (DMC) में एमबीबीएस और पीजी योग्यता के साथ पंजीकृत होना अनिवार्य है।
आयु सीमा: उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और नियुक्ति की शर्तें
योग्य उम्मीदवारों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू के लिए 'मेडिकल डायरेक्टर का कार्यालय, बुराड़ी अस्पताल, कौशिक एन्क्लेव, बुराड़ी, दिल्ली-110084' पते पर जाना होगा। उम्मीदवारों को अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी मूल दस्तावेज और उनकी फोटोकॉपी लाने की सलाह दी गई है।
चयनित होने पर वेतन दिल्ली सरकार के सातवें वेतन आयोग (7th CPC) के दिशानिर्देशों के अनुसार मिलेगा। यह नियुक्ति शुरुआत में 44 दिनों के लिए होगी। हालांकि, संतोषजनक कार्य प्रदर्शन और संबंधित विभाग प्रमुख की रिपोर्ट के आधार पर इसे अधिकतम तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है।
इनपुट: IANS



