रविवार, 25 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

दिल्ली: गीता कॉलोनी में आधी रात को लगी भीषण आग, कई झुग्गियां जलकर खाक

पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में रविवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रानी गार्डन की झुग्गियों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 8 से 10 झुग्गियां और उनमें रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया…

दिल्ली: गीता कॉलोनी में आधी रात को लगी भीषण आग, कई झुग्गियां जलकर खाक
(फोटो: IANS)

पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में रविवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रानी गार्डन की झुग्गियों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 8 से 10 झुग्गियां और उनमें रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ।

विज्ञापन

दमकल विभाग को आग लगने की सूचना रविवार सुबह करीब 3 बजकर 07 मिनट पर मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से फैल रही थी, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल की 6 गाड़ियां लगाई गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका।

जान बचाकर भागे लोग

आग लगने के वक्त झुग्गियों में सो रहे लोग चीख-पुकार सुनकर जागे और मुश्किल से अपनी जान बचाकर बाहर निकल पाए। एक पीड़ित ने बताया, "हम सो रहे थे, तभी पीछे रहने वाले भरत नाम के व्यक्ति ने चिल्लाकर बताया कि बहुत भीषण आग लग गई है। आग इतनी तेज थी कि हम बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर निकल पाए।"

एक अन्य पीड़ित व्यक्ति काम पर गया हुआ था, जब उसे उसके बच्चों ने फोन पर आग लगने की खबर दी। उसने बताया, "मैं तुरंत वापस आ गया। यहां लगभग 15 से 16 झुग्गियां थीं, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। अंदर का सारा सामान नष्ट हो गया, जिससे हम सभी का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।"

कोई हताहत नहीं: दमकल विभाग

फायर ऑफिसर दीपक हुड्डा ने IANS को घटना की पुष्टि करते हुए बताया, "झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिलते ही हम तुरंत मौके पर पहुंच गए। लगभग 6 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। किसी के घायल होने या जान जाने की कोई खबर नहीं है। इस घटना में लगभग 8 से 10 झुग्गियां प्रभावित हुई हैं।"

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →