हापुड़: दिवाली से ठीक पहले खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 16 क्विंटल नकली खोया और 1.75 टन बेसन ज़ब्त
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, विभाग की एक टीम ने धौलाना क्षेत्र के…
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, विभाग की एक टीम ने धौलाना क्षेत्र के लालपुर सौलाना गांव में छापेमारी कर लगभग 16 क्विंटल मिलावटी खोया नष्ट कर दिया, जिसकी बाज़ार में कीमत करीब 3.20 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य त्योहारों के मौसम में आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। खाद्य आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि विभाग को लालपुर गांव में मिलावटी खोया बनाए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर जिलाधिकारी कविता मीना के निर्देशों के तहत छापेमारी की गई।
वनस्पति और पाउडर से बन रहा था खोया
जांच में पता चला कि यह खोया स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) और वनस्पति तेल को मिलाकर तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से खोये के चार नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए हैं। इसके बाद, जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर पूरे 16 क्विंटल खोये को ज़मीन में दबाकर नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके के मिलावट करने वालों में हड़कंप मच गया।
एक अन्य फैक्ट्री में 1.75 टन बेसन सीज़
इसी अभियान के दौरान विभाग ने साईं नाथ फूड्स नामक एक प्रतिष्ठान पर भी छापा मारा। यहां खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इसके चलते अधिकारियों ने मौके पर मौजूद 1,750 किलोग्राम (1.75 टन) संदिग्ध बेसन को तत्काल सीज़ कर दिया। इस बेसन की अनुमानित कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बेसन, नमकीन और हल्दी का भी एक-एक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान यह अभियान जारी रहेगा और आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।
इनपुट: IANS



