कर्नाटक: जिम ट्रेनर पर फिटनेस के नाम पर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप, पीड़िता ने दर्ज कराई FIR
कर्नाटक के दावणगेरे में एक जिम ट्रेनर पर फिटनेस ट्रेनिंग की आड़ में कई महिलाओं का यौन और मानसिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में एक पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दावा किया
कर्नाटक के दावणगेरे में एक जिम ट्रेनर पर फिटनेस ट्रेनिंग की आड़ में कई महिलाओं का यौन और मानसिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में एक पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दावा किया गया है कि जिम के महिला चेंजिंग रूम में गुप्त कैमरे लगाकर वीडियो बनाए गए और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना दावणगेरे स्थित पावर फिटनेस जिम की है, जिसके संचालक और ट्रेनर का नाम इस्माइल है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में किसी और महिला के साथ ऐसा न हो।
गुप्त वीडियो और ब्लैकमेलिंग के आरोप
पीड़िता ने IANS को बताया कि वह लगभग डेढ़ साल से इस जिम में ट्रेनिंग ले रही थीं। उनके मुताबिक, आरोपी पिछले करीब पांच महीनों से महिलाओं के चेंजिंग रूम में घुसकर उनके वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। बाद में इन्हीं वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने और परिवार को दिखाने की धमकी देकर महिलाओं को ब्लैकमेल किया जाता था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी धमकी देता था कि अगर उसे पैसे नहीं दिए गए या जब भी वह बुलाए, वे नहीं आईं तो वीडियो इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिए जाएंगे।
मानसिक और यौन उत्पीड़न की शिकायत
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जिम के अंदर उनका यौन उत्पीड़न और बलात्कार किया गया, जिसका वीडियो भी बनाया गया। उन्होंने कहा, “इस तरह लगातार हमें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।” महिला ने यह भी बताया कि आरोपी जिम के पुराने कार्यक्रमों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर उनका मजाक उड़ाता था। उन्होंने पुलिस और प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि शिकायत दर्ज कराने में उन्हें पूरा सहयोग मिला।
जांच में कई और पीड़िताओं के वीडियो मिलने का दावा
पीड़िता का दावा है कि पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई अन्य महिलाओं के भी वीडियो और तस्वीरें मिली हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि कई अन्य महिलाएं अभी तक शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आई हैं। पीड़िता ने मांग की है कि आरोपी को बलात्कार और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानून के अनुसार कठोरतम सजा दी जाए।
इनपुट: IANS



