यूपी: 10वीं के नंबरों पर मिलेगी JEE-NEET की मुफ़्त कोचिंग, रहना-खाना भी फ्री, जानें पूरी प्रक्रिया
अगर आप उत्तर प्रदेश के मेधावी छात्र हैं और डॉक्टर या इंजीनियर बनने का सपना देखते हैं, तो सरकार आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, योगी सरकार जय प्रकाश…
अगर आप उत्तर प्रदेश के मेधावी छात्र हैं और डॉक्टर या इंजीनियर बनने का सपना देखते हैं, तो सरकार आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, योगी सरकार जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के 12वीं के विज्ञान वर्ग के छात्रों को दक्षणा फाउंडेशन के माध्यम से JEE और NEET की एक साल की निःशुल्क कोचिंग देगी। इस योजना की खास बात यह है कि चयनित छात्रों को पुणे स्थित दक्षणा वैली परिसर में कोचिंग के साथ-साथ मुफ्त आवास और भोजन की सुविधा भी मिलेगी।
इस अवसर का लाभ उठाने के लिए पात्रता के कुछ मानक तय किए गए हैं, जिसमें 10वीं कक्षा के अंकों के साथ-साथ परिवार की वार्षिक आय को भी आधार बनाया गया है। समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि जो विद्यार्थी शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 (विज्ञान) में पढ़ रहे हैं और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा देंगे, वे संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (JDST-2027) के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कौन और कैसे कर सकता है आवेदन?
पारिवारिक आय की शर्त: योजना का लाभ लेने के लिए छात्र के परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये से कम और छात्रा के परिवार की आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
JEE कोचिंग के लिए 10वीं के अंक: इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए सामान्य वर्ग के छात्रों को गणित और विज्ञान में 85% अंक चाहिए, जबकि छात्राओं के लिए यह सीमा 80% है, यानी उन्हें 5% की छूट दी गई है। अन्य श्रेणियों और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग मानक होंगे।
NEET कोचिंग के लिए 10वीं के अंक: मेडिकल की तैयारी के लिए सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए 10वीं में 80% अंक अनिवार्य हैं। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए यह सीमा 75%, जबकि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के छात्रों के लिए 65% निर्धारित की गई है।
सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि वे पात्र विद्यार्थियों को इस योजना के बारे में जागरूक करें। जो भी छात्र-छात्राएं इन मानकों को पूरा करते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इनपुट: IANS



