महंगाई का झटका: अक्टूबर में खुदरा मुद्रास्फीति 6% के पार, खाने-पीने की चीज़ें हुईं और महंगी
अक्टूबर महीने में आम आदमी पर महंगाई की मार और तेज हो गई। खाने-पीने की वस्तुओं, खासकर प्याज और लहसुन की कीमतों में भारी उछाल के कारण खुदरा मुद्रास्फीति (Retail Inflation) बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई है…
अक्टूबर महीने में आम आदमी पर महंगाई की मार और तेज हो गई। खाने-पीने की वस्तुओं, खासकर प्याज और लहसुन की कीमतों में भारी उछाल के कारण खुदरा मुद्रास्फीति (Retail Inflation) बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई है। यह लगातार दूसरा महीना है जब महंगाई दर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, सितंबर में यह आंकड़ा 5.54% था।
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी किए गए ये शुरुआती आंकड़े दिखाते हैं कि महंगाई का असर गांवों में शहरों की अपेक्षा कहीं ज्यादा रहा। अक्टूबर में ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 6.63% दर्ज की गई, जबकि शहरी क्षेत्रों के लिए यह 5.41% रही।
सब्जियों और मसालों ने बिगाड़ा बजट
आंकड़ों के अनुसार, खाद्य महंगाई दर में तेज बढ़ोतरी देखी गई, जो सितंबर के 7.74% से बढ़कर अक्टूबर में 8.94% हो गई। सालाना आधार पर देखें तो कुछ वस्तुओं की कीमतों में आग लगी हुई है। प्याज के दाम 116.22% बढ़े, वहीं लहसुन 60.74% और अदरक 48.32% महंगा हो गया। इसके अलावा, चांदी के आभूषण (52.39%) और नींबू (47.30%) की कीमतों में भी भारी इजाफा हुआ।
हालांकि, कुछ सब्जियों ने लोगों को थोड़ी राहत भी दी। इस दौरान आलू की कीमतों में 14.24% की गिरावट आई। साथ ही, फूलगोभी (-10.57%), नारियल (-5.60%), बैंगन (-3.34%) और पत्तागोभी (-1.92%) के दाम भी पिछले साल के मुकाबले कम हुए।
किन राज्यों में रही सबसे ज्यादा महंगाई?
अक्टूबर में खुदरा महंगाई के मामले में दक्षिण भारत के राज्य सबसे आगे रहे। तमिलनाडु में महंगाई दर सबसे अधिक 7.29% दर्ज की गई। इसके बाद तेलंगाना (7.26%), आंध्र प्रदेश (7.25%), मध्य प्रदेश (7.19%) और ओडिशा (7.17%) का स्थान रहा। मंत्रालय ने बताया कि ये आंकड़े देश भर के 1407 शहरी बाजारों और 1465 गांवों से जुटाए गए वास्तविक समय के मूल्य डेटा पर आधारित हैं।
इनपुट: IANS



