आंध्र प्रदेश: जिला न्यायालय में मजिस्ट्रेट के पदों पर भर्ती, ₹45,000 मासिक वेतन, 31 अगस्त तक करें आवेदन
आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिला न्यायालय में नौकरी की तलाश कर रहे कानून के जानकारों के लिए एक अच्छा अवसर है। न्यायालय ने स्पेशल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (द्वितीय श्रेणी) के 7 अस्थायी पदों को भरने के…
आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिला न्यायालय में नौकरी की तलाश कर रहे कानून के जानकारों के लिए एक अच्छा अवसर है। न्यायालय ने स्पेशल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (द्वितीय श्रेणी) के 7 अस्थायी पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, शाम 5 बजे तक है।
यह भर्ती आंध्र प्रदेश स्पेशल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (द्वितीय श्रेणी) सेवा नियम, 2024 के तहत की जा रही है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को अपना आवेदन ऑफलाइन माध्यम से भेजना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी या कम से कम 5 साल का अनुभव रखने वाले वकील भी पात्र हैं। आयु सीमा की बात करें तो, 11 अगस्त को आवेदक की न्यूनतम आयु 45 वर्ष और अधिकतम 65 वर्ष होनी चाहिए।
वेतन और चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन आवेदन पत्रों की जांच, लिखित परीक्षा या साक्षात्कार (या दोनों) के आधार पर किया जाएगा। अंतिम रूप से चुने गए अभ्यर्थियों को ₹45,000 प्रति माह वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें परिवहन भत्ते के रूप में ₹5,000 अलग से दिए जाएंगे।
किन स्थानों पर हैं रिक्तियां?
कुल 7 पदों पर भर्ती होनी है, जिनमें एलुरु और कोव्वुर में दो-दो पद, और तानुकु, पलाकोल व जंगारेड्डीगुडेम में एक-एक पद शामिल है।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन करने के लिए सबसे पहले प्रधान जिला न्यायालय, पश्चिम गोदावरी, एलुरु की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां से संबंधित भर्ती की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) और आवेदन पत्र डाउनलोड करें। फॉर्म को पूरी तरह भरकर, जरूरी दस्तावेजों के साथ एक लिफाफे में रखें और उसे 'रजिस्ट्रार जनरल, आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय' के पते पर अंतिम तिथि से पहले डाक द्वारा भेज दें।
इनपुट: IANS



