JNU यौन उत्पीड़न मामला: कांग्रेस सांसद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ABVP का प्रदर्शन
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के पूर्व प्रोफेसर और मौजूदा कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी…
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के पूर्व प्रोफेसर और मौजूदा कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ABVP की JNU इकाई ने बुधवार को विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया और अकोइजम का पुतला भी जलाया।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस से इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि चूंकि विश्वविद्यालय ने आंतरिक जांच के बाद अकोइजम को प्रोफेसर पद से बर्खास्त कर दिया है और उनके खिलाफ FIR भी दर्ज हो चुकी है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कांग्रेस पर पाखंड का आरोप
ABVP ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी की चुप्पी की आलोचना की है। संगठन ने कांग्रेस पर 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' जैसे नारों के बीच अपने जनप्रतिनिधियों से जुड़े गंभीर मामलों पर पाखंडी चरित्र दिखाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी व्यक्ति का राजनीतिक पद या प्रभाव उसे कानून से ऊपर नहीं बना सकता।
ABVP नेताओं के बयान
JNU अभाविप इकाई अध्यक्ष मयंक पांचाल ने कहा, “महिला सुरक्षा केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए... अभाविप की स्पष्ट मांग है कि इस अपराधी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो।” वहीं, इकाई मंत्री प्रवीण कुमार पीयूष ने कहा, “हमारा स्पष्ट मत है कि किसी का राजनीतिक पद या प्रभाव निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई के आड़े नहीं आना चाहिए... छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय किसी राजनीतिक दल की छवि से बड़ा प्रश्न है।” दोनों नेताओं ने मामले में किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव के बिना कार्रवाई की मांग की।
इनपुट: IANS



