Congress Politics: अशोक गहलोत बने कांग्रेस अध्यक्ष तो छोड़ना पड़ेगा सीएम पद, राहुल गांधी ने दिए संकेत

70
Congress Politics: अशोक गहलोत बने कांग्रेस अध्यक्ष तो छोड़ना पड़ेगा सीएम पद, राहुल गांधी ने दिए संकेत

Congress Politics: अशोक गहलोत बने कांग्रेस अध्यक्ष तो छोड़ना पड़ेगा सीएम पद, राहुल गांधी ने दिए संकेत

जयपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ेगा। केरल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने इस बात के संकेत दिए हैं। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि एक व्यक्ति एक पद का फॉर्मूला यहां लागू नहीं होता, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष होकर कोई मुख्यमंत्री का पद भी संभालता है, तो वह पूरे देश पर ध्यान कैसे दे पाएगा। राहुल गांधी के इस जवाब से यह साफ हो गया है कि अशोक गहलोत अगर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ेगा। बुधवार को दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए अशोक गहलोत ने कहा था कि यह जरूरी नहीं कि कोई राष्ट्रीय अध्यक्ष बनता है तो वह दूसरे पद पर नहीं रह सकता। मंत्री या मुख्यमंत्री के पद पर रहते हुए अगर कोई पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनता है तो इसमें कोई हर्ज नहीं है क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनित पद ना होकर चुनाव के जरिये बनता है। गहलोत के मुताबिक, यह एक व्यक्ति एक पद फॉर्मूले में नहीं आता है।

उदयपुर डिक्लेयरेशन का जिक्र किया राहुल गांधी ने
उदयपुर में 13 से 15 मई तक आयोजित चिंतन शिविर में हुए डिक्लेरेशन का भी राहुल गांधी ने जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि उस समय यह वादा हुआ था कि एक व्यक्ति दो पद पर नहीं रहेंगे। ऐसे में जाहिर सी बात है कि कोई पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनता है तो वह मुख्यमंत्री पद पर कैसे रह सकता है। राहुल गांधी के इस संकेत के बाद कांग्रेस में अब मुख्यमंत्री के नए चेहरे पर चर्चा होनी शुरू हो गई है। हालांकि चर्चाओं में सचिन पायलट का नाम सबसे ऊपर माना जा रहा है। अब यह देखना यह होगा कि राजस्थान का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पसंद का होता है या फिर आलाकमान की पसंद का।

गहलोत समर्थक नेताओं की चिंता बढ़ी
दिल्ली जाने से पहले मंगलवार रात को मुख्यमंत्री आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भरोसा दिलाया था कि वह राजस्थान छोड़कर नहीं जाएंगे। भले ही उन्हें किसी भी पद की जिम्मेदारी दी जाए। गहलोत के इस वादे से प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं के चेहरे खिल उठे। उन्होंने मीडिया में खुलकर बयान दिए कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही हैं और अशोक गहलोत ही रहेंगे। गहलोत की ओर से आगामी बजट पेश किए जाने की तैयारियों के बयान भी दिए गए। कैबिनेट मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास और उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी सहित कई पार्टियों के उदाहरण गिना दिए। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दलों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाले जा रही है। (रिपोर्ट – रामस्वरूप लामरोड़, जयपुर)

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News