लखनऊ कैंट को मिली ₹101 करोड़ की सौगात, CM योगी बोले- बनेगी 'मॉडल छावनी'
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के छावनी क्षेत्र को एक ‘मॉडल छावनी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद…
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के छावनी क्षेत्र को एक ‘मॉडल छावनी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने रविवार को 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और भूमिपूजन किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ अपनी ऐतिहासिक विरासत को सहेजते हुए आधुनिक और स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान बना रहा है।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने लखनऊ के बदलते स्वरूप पर विस्तार से बात की। उन्होंने करीब 20 साल पहले के लखनऊ को याद करते हुए कहा कि तब रेलवे स्टेशन पर 'मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं' का बोर्ड लगा होता था, लेकिन शहर के जाम और गंदगी को देखकर लोगों को परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि आज स्थिति बदल गई है और लखनऊ ने विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
विरासत और आधुनिकता का संगम
मुख्यमंत्री योगी ने इस बात पर जोर दिया कि लखनऊ का विकास अपनी जड़ों को बिना भूले हो रहा है। उन्होंने कहा, "एक तरफ ऊदा देवी पासी और महाराजा बिजली पासी जैसी महान विभूतियों की ऐतिहासिक विरासत है तो दूसरी ओर रक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों के निर्माण का केंद्र भी लखनऊ बन रहा है।" उन्होंने कहा कि शहर की पुरानी गलियों के साथ-साथ स्मार्ट सड़कें और किसान पथ जैसा आउटर रिंग रोड भी मौजूद है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सुरक्षा, सुशासन और विकास की नई यात्रा पर है और देश का 'ग्रोथ इंजन' बनकर उभरा है। सीएम योगी ने यह भी बताया कि लखनऊ मेट्रो के दूसरे चरण को केंद्र से मंजूरी मिल गई है और इस पर जल्द काम आगे बढ़ेगा।
छावनी क्षेत्र में मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और छावनी क्षेत्र में रहने वाले आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छावनी परिषद में ठोस कचरा प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित व्यवस्था तैयार की जा रही है और स्कूलों में 'मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग' की भी शुरुआत हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि छावनी परिषदों में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और लखनऊ कैंट को एक आदर्श छावनी बनाने के लिए सरकार लगातार काम करेगी।
सीएम योगी ने यह भी भरोसा दिलाया कि इस साल के अंत तक गोमती नदी को पूरी तरह स्वच्छ बनाने में सफलता मिलेगी और इस दिशा में सेंट्रल कमांड से मिल रहे सहयोग की भी सराहना की।
इनपुट: IANS



