CM आवास के सामने करुंगी आत्मदाह… आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर व्यापारी की पत्नी, मिलने जाएंगे अखिलेश

10
CM आवास के सामने करुंगी आत्मदाह… आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर व्यापारी की पत्नी, मिलने जाएंगे अखिलेश

CM आवास के सामने करुंगी आत्मदाह… आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर व्यापारी की पत्नी, मिलने जाएंगे अखिलेश

कानपुर देहात : रनियां थाना में व्यापारी की पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस की कार्रवाई से पीडि़त परिवार संतुष्ट नहीं है। मृतक की पत्नी ने कहा कि अगर दो दिन के अंदर सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वह सीएम आवास के बाहर आत्मदाह कर लूंगी। उन्होंने कहा कि एसपी ने 48 घंटे के अंदर गिरफ्तारी का भरोसा दिया था लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है।

सरैंया लालपुर के रहने वाले व्यापारी बलवंत सिंह की 12 दिसंबर को रनियां थाना में पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने लूट के मामले में पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया था। मौत के बाद पुलिस अस्पताल में शव छोड़क़र फरार हो गई थी।

‘सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर करुंगी आत्मदाह’

व्यापारी की पत्नी शालिनी ने कहा कि घटना के बाद एसपी ने 48 घंटे के अंदर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का भरोसा दिया था। अब तब केवल चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। रनियां थानाध्यक्ष, शिवली कोतवाल, मैथा चौकी इंचार्ज समेत कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। घटना के छह दिन बीत गए हैं। मृतक की पत्नी 21 दिसंबर तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सीएम आवास के सामने आत्मदाह करने की बात कही है। परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना में मृतक के चाचा अंगद ने एसओजी प्रभारी, रनियां थानाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह, मैथा चौकी इंचार्ज ज्ञान प्रकाश पांडेय, शिवली कोतवाल राजेश कुमार समेत कई पुलिस कर्मियों व एक डाक्टर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बवाल बढऩे पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस हरकत में आई। लेकिन पुलिस की कार्रवाई से पीडि़त परिवार संतुष्ट नहीं है।

एसओजी का एक और सिपाही गिरफ्तार

व्यापारी बलवंत की हत्या में फरार एसओजी के निलंबित सिपाही अनूप कुमार को रनियां थाना प्रभारी प्रभाकर यादव की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसे मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इसके पहले एसओ प्रभारी प्रशांत गौतम व दो सिपाही जेल भेजे जा चुके हैं। व्यापारी की हत्या में रविवार को चौथे आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। एसपी सुनीति ने बताया कि एसओजी के एक और सिपाही को गिरफ्तार किया है। अब तक चार आरोपी जेल जा चुके हैं। अन्य की तलाश जारी है।
—-

वादी के भतीजे को ही पीटकर मार डाला

मृतक व्यापारी बलवंत के चाचा के साथ छह दिसंबर को ढाई लाख रुपये की लूट हुई थी। लूट की घटना में वादी के भतीजे को ही पुलिस ने पकड़ कर पिटाई शुरु कर दी। इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। जबकि लूट का शिकार मृतक के चाचा चंद्रभान ने पुलिस को जो हुलिया बताया था उससे बलवंत बिलकुल अलग था। चंद्रभान ने बलवंत का इस घटना से कोई लेनादेना न होने की बात कह छोडऩे की गुहार लगाई थी।

इसके बाद भी पुलिस मनमानी करती रही। मौत के बाद जिले में बवाल शुरु हो गया। राजनीतिक दलों के लोग लगातार पीडि़त परिजनों से मिल कर ढांढस बंधा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिले से जांच हटाकर एसपी कन्नौज को सौंपी है। वह एसआईटी गठित कर जांच कर रहे हैं। इधर आरोपियों के गिरफ्तारी का दबाव है। इस पर पुलिस रोज एक आरोपी को गिरफ्तार कर रही है।

व्यापारी की पत्नी ने लिखा पत्र, मिलने आएंगे अखिलेश

पुलिस कस्टडी में मृतक व्यापारी बलवंत की पत्नी शालिनी ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिख कर मदद मांगी है। उसने कहा कि अखिलेश यादव को अपना भाई बताते हुए पत्र लिखा है कि बहन की मदद के लिए आप मिलने आएं। ये पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वहीं अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम ने पत्र जारी किया है, जिसमें सोमवार को दोपहर 12:30 बजे अखिलेश यादव सरैंया लालपुर पहुंचेगे। वहां मृतक बलवंत की पत्नी शालिनी से मुलाकात करेंगे।

Kanpur Custody Death: लॉकअप में युवक की मौत के मामले में आरोपी बने पुलिसवाले ही फरार

इनपुट-गौरव राठौर

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News