CM योगी ने की भोजपुरी अकादमी के स्थापना की घोषणा: वैश्विक मंच पर बढ़ेगी भाषा की पहचान, कलाकारों और साहित्यकारों को मिलेगा नया मंच – Gorakhpur News h3>
उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भोजपुरी अकादमी की स्थापना की घोषणा की है। इस फैसले को भोजपुरी भाषा और उससे जुड़े करोड़ों लोगों के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है।
.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी संसद में भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग उठा चुके हैं। अब प्रदेश में भोजपुरी अकादमी के गठन से इस भाषा को संरक्षित और विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।
भोजपुरी को वैश्विक पहचान दिलाने की ओर कदम
भोजपुरी केवल उत्तर प्रदेश और बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भाषा दुनियाभर में बसे करोड़ों प्रवासियों के दिलों की धड़कन है। फिजी, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस, सूरीनाम, त्रिनिदाद-टोबैगो, सिंगापुर और बैंकॉक जैसे देशों में भोजपुरी बोलने वालों की एक बड़ी संख्या है।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद दुनियाभर के भोजपुरिया समाज में खुशी की लहर है। सोशल मीडिया पर इन देशों से लोग मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं और बधाई संदेश भेज रहे हैं।
भोजपुरी कलाकारों और साहित्यकारों को मिलेगा मंच
भोजपुरी अकादमी के गठन से प्रदेश के कलाकारों, साहित्यकारों और भोजपुरी भाषा में काम करने वालों को बड़ा मंच मिलेगा। भोजपुरी गीत-संगीत, नाटक, साहित्य और सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए अकादमी की अहम भूमिका होगी। भोजपुरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी यह अकादमी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
लोकगायक राकेश उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी लोकगायक राकेश उपाध्याय ने इस ऐतिहासिक घोषणा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला भोजपुरी भाषा से जुड़े कलाकारों और प्रेमियों के लिए एक बड़ा उपहार है। महाकुंभ 2025 की भव्य तैयारियों के साथ ही मुख्यमंत्री ने भोजपुरी समाज को यह बड़ी सौगात दी है।
राकेश उपाध्याय ने कहा कि अब समय आ गया है कि भोजपुरी को केवल बोलचाल की भाषा तक सीमित न रखते हुए इसे शिक्षा, प्रशासन और साहित्य में भी एक मजबूत पहचान दी जाए। भोजपुरी अकादमी की स्थापना से इस दिशा में नए अवसर खुलेंगे और आने वाले समय में भोजपुरी को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयां मिलेंगी।