दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन के कारण रेलवे अलर्ट, कई राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द
नई दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के एक प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम की आशंका के चलते भारतीय रेलवे ने एक अहम फैसला लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, 10…
नई दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के एक प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम की आशंका के चलते भारतीय रेलवे ने एक अहम फैसला लिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हज़रत निज़ामुद्दीन स्टेशनों पर पहुंचने वाली कई ट्रेनों को या तो रद्द कर दिया गया है या उनके समय में बदलाव किया गया है।
रेलवे का यह कदम उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर लागू होगा, जो 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने मूल स्टेशन से चली थीं और जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दिल्ली पहुंचना था। ऐसी सभी ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन पर ही रद्द करने का निर्देश दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने रेलवन ऐप या एनटीईएस ऐप से ताज़ा जानकारी लेने की सलाह दी है।
पूर्व मध्य रेलवे की रद्द ट्रेनें
दानापुर मंडल ने विशेष रूप से चार ट्रेनों को रद्द करने की सूचना जारी की है। डीआरएम दानापुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा की। रद्द की गई ट्रेनों की सूची इस प्रकार है:
- 20801 मगध एक्सप्रेस: यह ट्रेन 9 अक्टूबर को इस्लामपुर से दोपहर 3:30 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 12 बजे नई दिल्ली पहुंचने वाली थी।
- 12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस: 9 अक्टूबर को शाम 7:10 बजे राजेंद्र नगर से चलने वाली यह ट्रेन 10 अक्टूबर सुबह 7:40 बजे नई दिल्ली पहुंचती।
- 12393 सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस: यह ट्रेन 9 अक्टूबर को राजेंद्र नगर से शाम 7:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:55 बजे नई दिल्ली पहुंचती।
- 22361 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस: राजेंद्र नगर से 9 अक्टूबर को शाम 7:50 बजे चलकर इसे 10 अक्टूबर दोपहर 1:10 बजे नई दिल्ली पहुंचना था।
अन्य मंडलों पर भी असर
इस प्रदर्शन का असर दूसरे रेल मंडलों पर भी पड़ा है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि परिचालन कारणों से गाड़ी संख्या 22221 मुंबई-हज़रत निज़ामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस को 9 अक्टूबर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ही रद्द कर दिया गया है। वहीं, पूर्वी रेलवे ने 'एक्स' पर जानकारी दी कि हावड़ा और सियालदह से चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस की सेवाएं भी रद्द हैं, जिनमें 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।
इनपुट: IANS



