रविवार, 18 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

चुनावी अधिकारियों के खिलाफ़ प्रदर्शन पर VHP की तीखी टिप्पणी, कहा — 'ये युवा नहीं, ब्रेनवाश किए हुए बच्चे हैं'

विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के खिलाफ़ हो रहे प्रदर्शनों की कड़ी निंदा की है। संगठन ने इन प्रदर्शनों को चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की साज़िश का हिस्सा…

चुनावी अधिकारियों के खिलाफ़ प्रदर्शन पर VHP की तीखी टिप्पणी, कहा — 'ये युवा नहीं, ब्रेनवाश किए हुए बच्चे हैं'
(फोटो: IANS)

विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के खिलाफ़ हो रहे प्रदर्शनों की कड़ी निंदा की है। संगठन ने इन प्रदर्शनों को चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की साज़िश का हिस्सा बताया है। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध का अधिकार सड़कों पर अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं देता।

विज्ञापन

नायर ने प्रदर्शनकारियों को 'ब्रेनवाश किए हुए बिगड़े बच्चे' बताया, जो 'भारत तोड़ो गैंग' से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, "विश्व हिंदू परिषद ये मानती है कि ये देश की युवा पीढ़ी नहीं हैं। कुछ बिगड़े हुए बच्चे हैं, चाहे वो लड़के हों या लड़की, जिनका ब्रेनवाश किया गया है, जिनको 'भारत तोड़ो गैंग' ने प्रभावित कर रखा है।"

कानूनी कार्रवाई की मांग

VHP ने सरकार से इस तरह के आयोजनों पर सख्त रुख अपनाने की अपील की है। श्रीराज नायर ने मांग की कि सड़क जाम करके व्यापार को बाधित करने वालों के खिलाफ़ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "भारत के गृह मंत्रालय को इसका संज्ञान लेकर इनको ऐसी शिक्षा देनी चाहिए कि इस प्रकार से देश में और कोई अराजकता फैलाने की हिमाकत न करे।"

विपक्ष पर निशाना

नायर ने इन प्रदर्शनों के लिए विपक्ष को भी ज़िम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि विपक्ष बंगाल चुनाव के बाद से हताश है और उसे जनता ने नकार दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का मक़सद सिर्फ़ चुनी हुई सरकार के काम में बाधा डालना, आम नागरिकों को परेशान करना और देश में अव्यवस्था फैलाना है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार के काम से असहमति है तो 2029 के चुनावों का इंतज़ार करना चाहिए, जैसे 2014 में जनता ने सरकार बदली थी।

नायर ने प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों द्वारा बांग्लादेश से प्रभावित होने की बात पर कहा कि प्रेरणा लेनी ही है तो दुनिया के मज़बूत लोकतांत्रिक देशों से लेनी चाहिए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि भारत की असली युवा शक्ति देश निर्माण, संस्कृति और धर्म की रक्षा में लगी है, न कि इस तरह के प्रदर्शनों में।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →