ग्रेटर नोएडा: खेलते हुए 6 साल के बच्चे का अपहरण, 2 लाख में बेचा; पुलिस मुठभेड़ के बाद 7 गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में घर के बाहर से अगवा कर लिए गए छह साल के बच्चे को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे को दो लाख रुपये में बेचा गया था। इस सनसनीखेज…
ग्रेटर नोएडा में घर के बाहर से अगवा कर लिए गए छह साल के बच्चे को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे को दो लाख रुपये में बेचा गया था। इस सनसनीखेज मामले में कासना पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए।
मामला 13 अक्टूबर का है, जब कासना थाना क्षेत्र में एक छह वर्षीय बच्चा घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। अगले दिन, 14 अक्टूबर को परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार (17 अक्टूबर) को एक गोपनीय सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध डाढ़ा गांव के पास बच्चा चोरी की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस ने डाढ़ा गोलचक्कर पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे।
पीछा करने पर कार एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद कार में मौजूद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी— गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार— के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अपहरण और सौदे का खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विकास और नकुल को भी डाढ़ा गोलचक्कर से गिरफ्तार किया। इसके बाद, कासना से पुष्पा और दिल्ली से कमलेश नामक महिला को गिरफ्तार किया गया। अपहृत बच्चा कमलेश के कब्जे से ही बरामद हुआ।
आरोपी अंकित ने बताया कि उसने और नकुल ने काशीराम अस्पताल के पास से बच्चे का अपहरण किया था। फिर वे गुरमीत, सुमित और विकास के साथ उसे गाजियाबाद ले गए। आरोपी सुमित ने खुलासा किया कि उसकी मामी पुष्पा ने दिल्ली की कमलेश के बारे में बताया था, जो एक बच्चा खरीदना चाहती थी।
साढ़े चार लाख में हुआ था सौदा
आरोपियों ने बच्चे को कमलेश को बेचने के लिए कुल साढ़े चार लाख रुपये का सौदा तय किया था। उन्हें दो लाख रुपये एडवांस मिल गए थे, जबकि बाकी ढाई लाख रुपये बाद में मिलने थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से अब तक मिली रकम में से 1.5 लाख रुपये गुरमीत, अंकित और सुमित से; 20-20 हजार रुपये नकुल और विकास से; और 32,800 रुपये पुष्पा से बरामद किए हैं।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुई एक ऑरा कार, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन अवैध तमंचे और कारतूस भी जब्त किए हैं। इस मामले में कासना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि तीन आरोपियों— गुरमीत, अंकित और सुमित— पर बुलंदशहर में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनपुट: IANS



