सुकेश चंद्रशेखर मामला: नोरा फतेही ने कोर्ट को बताई चेन्नई इवेंट की कहानी, कार गिफ्ट और फोन पर हुई बातचीत का किया खुलासा
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी और वसूली मामले में दिल्ली की एक अदालत के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है। शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू…
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी और वसूली मामले में दिल्ली की एक अदालत के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है। शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुईं नोरा ने दिसंबर 2020 में चेन्नई में हुए एक कार्यक्रम से जुड़ी घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया, जिसमें उन्हें सुकेश की पत्नी लीना पॉलोज द्वारा कार गिफ्ट करने और सुकेश से फोन पर बात करने का प्रसंग भी शामिल है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, नोरा ने अदालत को बताया कि वह दिसंबर 2020 में अपनी टीम के साथ एक इवेंट के लिए चेन्नई गई थीं। इस कार्यक्रम का प्रबंधन एक्सीड एंटरटेनमेंट के कर्मचारियों ने किया था। जब वह इवेंट के लिए तैयार हो रही थीं, तभी सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना पॉलोज उनसे मिलने पहुंचीं। लीना के साथ दो वीडियोग्राफर और कुछ अन्य लोग भी थे और वे अपने साथ कुछ तोहफे भी लाई थीं।
कमरे में मुलाकात और फोन पर बातचीत
अभिनेत्री के मुताबिक, लीना ने अपना परिचय नेल आर्टिस्ट्री सैलून की मालकिन के तौर पर दिया। इसी मुलाकात के दौरान लीना ने कहा कि उनके पति नोरा को 'हेलो' कहना चाहते हैं और चेन्नई आने के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। इसके बाद लीना ने सुकेश को फोन लगाया और स्पीकर पर बात कराई।
नोरा ने बयान में बताया कि फोन पर सुकेश ने खुद को और अपने परिवार को उनका बहुत बड़ा प्रशंसक बताया। उन्होंने भविष्य में और कार्यक्रम साथ करने की इच्छा भी जाहिर की।
कार गिफ्ट करने का प्रस्ताव
इसी बातचीत के बीच लीना ने नोरा फतेही को एक कार उपहार में देने की बात कही। फोन पर मौजूद सुकेश ने भी उनसे इस तोहफे को स्वीकार करने का अनुरोध किया। नोरा ने बताया कि इस बातचीत के बाद वह अपनी टीम के साथ इवेंट के लिए चली गईं, जहां वह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं और उन्होंने एक डांस प्रतियोगिता को जज किया।
अभिनेत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें कुछ लिफाफे दिए गए थे, जिन्हें उन्होंने दिव्यांग बच्चों के माता-पिता को सौंपने के लिए कहा गया था। नोरा का बयान अभी पूरा नहीं हुआ है और मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी, जब उनका आगे का बयान दर्ज किया जाएगा।
इनपुट: IANS



