रनआईच्याओ रीफ विवाद: चीन ने फिलीपींस पर लगाया उकसावे का आरोप, बताई घटना की 'पूरी तस्वीर'
दक्षिण चीन सागर के रनआईच्याओ रीफ (Ren'ai Jiao) पर हालिया तनाव को लेकर फिलीपींस में चीनी राजदूत चिंग छुएन ने फिलीपींस पर जानबूझकर उकसावे की कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई की…
दक्षिण चीन सागर के रनआईच्याओ रीफ (Ren'ai Jiao) पर हालिया तनाव को लेकर फिलीपींस में चीनी राजदूत चिंग छुएन ने फिलीपींस पर जानबूझकर उकसावे की कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई की घटना फिलीपींस द्वारा अपने पुराने युद्धपोत को मजबूत करने की कोशिश का नतीजा थी और वीडियो सबूत इस बात की पुष्टि करते हैं।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, राजदूत चिंग छुएन ने 21 जुलाई को मीडिया से बातचीत में घटना का ब्योरा दिया। उन्होंने दावा किया कि 20 जुलाई को सुबह लगभग 9 बजे चीनी पक्ष ने देखा कि फिलीपींस के सैनिक अपने युद्धपोत के आसपास एक बैरियर नेट बना रहे थे और उसे मजबूत करने का काम कर रहे थे। इसके बाद चीन ने जांच के लिए अपने दो जहाज भेजे।
समझौते का उल्लंघन और उकसावा
चीनी राजदूत के मुताबिक, फिलीपींस की यह कार्रवाई दोनों देशों के बीच रनआईच्याओ रीफ पर हुए एक अस्थायी विशेष समझौते का उल्लंघन है। इस समझौते के तहत रीफ पर किसी भी नए निर्माण की इजाजत नहीं है, हालांकि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए मानवीय सामान ले जाने की अनुमति है। उन्होंने आरोप लगाया, "फिलीपींस आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है... इसके बाद फिलीपींस ने चीनी पक्ष को उकसाने के लिए जहाजों और कर्मियों को भेजा। फिर कुछ घटना हुई। यह स्थिति की पूरी तस्वीर है।"
फिलीपींस के राष्ट्रपति से मुलाकात
चिंग छुएन ने यह भी बताया कि उन्होंने 21 जुलाई को इस मुद्दे पर फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस से मुलाकात की और घटना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में सबसे ज़रूरी यह है कि रिश्तों को बिगड़ने से रोका जाए और उन्हें स्थिर करने का रास्ता खोजा जाए, ताकि वे "सही रास्ते पर वापस लौट सकें"।
राजदूत ने जोर देकर कहा कि इन मुश्किलों के बावजूद, चीन "दक्षिण चीन सागर में आचार संहिता" पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस साल के अंत तक इसे पूरा करने की इच्छा रखता है।
इनपुट: IANS



