मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश

यूपी पर चक्रवात 'अर्णब' का साया: कई ज़िलों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट, सरकार ने जारी की एडवाइज़री

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अक्टूबर के अंत में चक्रवात 'अर्णब' के कारण मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश में बेमौसम बारिश…

यूपी पर चक्रवात 'अर्णब' का साया: कई ज़िलों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट, सरकार ने जारी की एडवाइज़री
(फोटो: IANS)

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अक्टूबर के अंत में चक्रवात 'अर्णब' के कारण मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश में बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिसे देखते हुए योगी सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है। संभावित स्थिति से निपटने के लिए राहत-बचाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

विज्ञापन

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, इस चक्रवात का सबसे ज्यादा असर पूर्वी उत्तर प्रदेश, अवध और तराई क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का भी अनुमान है। सरकार ने नागरिकों और विशेषकर किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

किन जिलों में कब है अलर्ट?

मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए विभिन्न जिलों में चेतावनी जारी की है। इसकी शुरुआत 28 अक्टूबर से होगी, जब सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाज़ीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

इसके अगले दिन, 29 अक्टूबर को स्थिति और गंभीर हो सकती है। चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के चलते 'ऑरेंज अलर्ट' है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों के साथ-साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

सरकार ने की यह अपील

उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सलाह दी गई है कि वे पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहें और पक्के घरों में शरण लें। बिजली कड़कने के समय खुले मैदानों, खेतों या जलाशयों के पास जाने से बचने को भी कहा गया है।

किसानों को अपनी फसलों और कृषि उपज को बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और 'सचेत' ऐप पर नज़र बनाए रखने का आग्रह किया है।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तर प्रदेश से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →