केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को मिला तोहफा, महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी को कैबिनेट की मंजूरी
केंद्र सरकार के लगभग 1.17 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3…
केंद्र सरकार के लगभग 1.17 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दे दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह फैसला बढ़ती कीमतों से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।
इस बढ़ोतरी के बाद, मूल वेतन या पेंशन पर मिलने वाले DA/DR की मौजूदा दर 60% से बढ़कर 63% हो गई है। सरकार द्वारा जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि यह वृद्धि 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इस फैसले से लगभग 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनधारकों को सीधा वित्तीय लाभ मिलेगा।
सरकारी खजाने पर प्रभाव
महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में इस 3 प्रतिशत की वृद्धि से सरकारी खजाने पर सालाना 10,016.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। यह बढ़ोतरी 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित स्वीकृत फॉर्मूले के तहत की गई है। इस घोषणा को केंद्र सरकार की ओर से कर्मचारियों के लिए दीपावली का तोहफा माना जा रहा है।
8वें वेतन आयोग पर भी चल रही चर्चा
इसके साथ ही, 8वां केंद्रीय वेतन आयोग वेतन और पेंशन से जुड़े विभिन्न मामलों पर विचार-विमर्श कर रहा है। इन चर्चाओं में वेतन की शर्तों और संबंधित पक्षों से मिले सुझावों पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है। इन सुझावों को आयोग की अंतिम सिफारिशें तैयार करते समय ध्यान में रखा जाएगा, जिसका असर एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों पर पड़ेगा।
सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की अध्यक्षता कर रही हैं। आयोग के अन्य सदस्यों में पूर्व IAS अधिकारी पंकज जैन (सदस्य-सचिव) और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य व वित्त के प्रोफेसर पुलक घोष शामिल हैं।
इनपुट: IANS



