होम बायर्स से धोखाधड़ी: बेंगलुरु के ओजोन अर्बाना डेवलपर्स के खिलाफ CBI की चार्जशीट
घर खरीदारों से धोखाधड़ी के मामलों में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एजेंसी ने बेंगलुरु की एक हाउसिंग प्रोजेक्ट में कथित धोखाधड़ी को लेकर…
घर खरीदारों से धोखाधड़ी के मामलों में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एजेंसी ने बेंगलुरु की एक हाउसिंग प्रोजेक्ट में कथित धोखाधड़ी को लेकर मेसर्स ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट बेंगलुरु की एसीजेएम (सीबीआई मामले) अदालत में दायर की गई है।
CBI की जांच में सामने आया कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके निदेशक ने एक आपराधिक साजिश के तहत घर खरीदारों को धोखा दिया। आरोप है कि उन्होंने झूठे वादों, भ्रामक बयानों और गलत आश्वासनों के जरिए निवेशकों को लुभाया, जिससे उन्हें बेईमानी से वित्तीय लाभ हुआ और पीड़ितों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
व्यापक जांच का हिस्सा
यह मामला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत चल रही एक बड़ी जांच का हिस्सा है। सीबीआई देशभर में बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ घर खरीदारों से जुड़े धोखाधड़ी और धन के गबन के 32 अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
जांच एजेंसी ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं के तहत पुख्ता सबूत मिलने के बाद चार्जशीट दाखिल की है। सीबीआई ने कहा है कि वह आम नागरिकों और घर खरीदारों के हितों को प्रभावित करने वाले आर्थिक अपराधों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अन्य बिल्डरों पर भी कार्रवाई जारी
इस मामले से पहले भी सीबीआई कई अन्य बिल्डर कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। एजेंसी ने अब तक मेसर्स रुद्र बिल्डवेल, मेसर्स जयपी इंफ्राटेक, मेसर्स एवीजे डेवलपर्स और मेसर्स सीएचडी डेवलपर्स समेत 15 कंपनियों और उनके निदेशकों के खिलाफ 16 आरोपपत्र दाखिल किए हैं। इन मामलों में कुछ बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारी भी शामिल हैं।
इनपुट: IANS



