CBI ने पंजाब CM के OSD के घर फिर चिपकाया नोटिस, बिक्रम मजीठिया ने पूछा- 'अगर दोषी नहीं तो डर क्यों?'
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) राजबीर घुमन से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बार फिर कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) राजबीर घुमन से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बार फिर कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सीबीआई ने घुमन के घड़ाचों स्थित आवास पर दूसरा नोटिस चिपकाया है। उन पर आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग को प्रभावित करने के लिए रिश्वत लेने समेत कई गंभीर आरोप हैं।
इस घटनाक्रम पर शिरोमणि अकाली दल (SAD) के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया के ज़रिए पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "CBI ने गुरु दोखी के OSD राजबीर घुमन के घड़ाचों वाले घर पर दूसरा नोटिस चिपकाया है। नोटिस दीवार पर लगा है लेकिन OSD फरार है।"
सरकार की ईमानदारी पर उठाए सवाल
बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपनी पोस्ट में आगे मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, "सीएम भगवंत मान के करीबी सहयोगी पर अरबों रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है और वह फरार है। अगर वह वास्तव में ईमानदारी में पक्का विश्वास रखता है, तो वह सीबीआई मुख्यालय में पेश क्यों नहीं होता? अगर उसने कुछ नहीं छिपाया है तो वह किस बात से डर रहा है।"
CBI जांच का दायरा
सीबीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी थी कि वह भ्रष्टाचार के कई आरोपों की जांच कर रही है। इन आरोपों में वित्तीय लाभ के बदले आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग में हेरफेर, विभागीय कार्यवाही को प्रभावित करना, नीति निर्माण, प्रशासनिक मंजूरी, टेंडर की शर्तों और लाइसेंसिंग जैसे मामले शामिल हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, इस मामले में भूमि उपयोग में बदलाव, संपत्ति विवाद और राजस्व से जुड़े मामलों में भी कथित अनियमितताएं शामिल हैं। एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि लोक सेवकों ने सरकारी आदेशों और नीतियों के मसौदे को आधिकारिक रूप से जारी होने से पहले ही निजी व्यक्तियों के साथ साझा किया।
इनपुट: IANS



