कैस्पियन सागर में जहाज पर हमला: ईरान ने यूक्रेन को दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
ईरान ने कैस्पियन सागर में अपने एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले को लेकर यूक्रेन को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इस…
ईरान ने कैस्पियन सागर में अपने एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले को लेकर यूक्रेन को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताते हुए कहा कि तेहरान को इसका जवाब देने का पूरा अधिकार है। इस हमले में एक ईरानी नाविक की मौत हो गई थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने अपनी साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में स्पष्ट किया कि ईरान अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा की रक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करने में बिल्कुल भी संकोच नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "कैस्पियन सागर में ईरानी जहाज पर यूक्रेन का हमला गैरकानूनी है और इसका जवाब जरूर दिया जाएगा।"
संसद से भी उठी कड़ी प्रतिक्रिया
ईरानी सरकार के साथ-साथ वहां की संसद ने भी इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के अध्यक्ष इब्राहिम अजीजी ने सोमवार को ही यूक्रेन को चेतावनी दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान पर किसी भी हमले की हमेशा एक कीमत होती है और आज भी यही स्थिति है। अमेरिका और इजरायल इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं। यूक्रेन को भी जल्द यह समझ आ सकता है कि ईरान किसी भी कार्रवाई को बिना जवाब के नहीं छोड़ता।"
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाया गया मामला
इस घटना को ईरान अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उठा रहा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन करार दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह हमला "इजरायल के कहने पर यूरोप को उसके युद्ध में घसीटने की कोशिश" है। उन्होंने बताया कि यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ बातचीत में यह साफ कर दिया गया है कि "कीव में बैठे इस गैर-जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा की गई कार्रवाई को बिना जवाब के नहीं छोड़ा जा सकता।"
इनपुट: IANS



