ऑस्ट्रेलियाई सांसद हेलेन हेन्स पर जानलेवा हमला, कार से दो बार कुचला, एक पैर गंवाया
ऑस्ट्रेलिया में एक निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स पर जानबूझकर किए गए एक क्रूर हमले में उनका एक पैर काटना पड़ा है। 65 वर्षीय सांसद को उनके ही चुनाव कार्यालय के बाहर एक कार चालक ने दो बार टक्कर मारी, जिससे…
ऑस्ट्रेलिया में एक निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स पर जानबूझकर किए गए एक क्रूर हमले में उनका एक पैर काटना पड़ा है। 65 वर्षीय सांसद को उनके ही चुनाव कार्यालय के बाहर एक कार चालक ने दो बार टक्कर मारी, जिससे उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, डॉक्टरों ने उनका एक पैर काट दिया है, जबकि दूसरे को बचाने के प्रयास जारी हैं।
यह घटना सोमवार को विक्टोरिया राज्य के वांगाराटा शहर में हुई। चश्मदीदों के मुताबिक, एक टोयोटा लैंडक्रूजर कार ने पहले हेन्स को टक्कर मारी और फिर यू-टर्न लेकर उन्हें दोबारा कुचल दिया, जिससे वह अपनी ही कार के साथ फंस गईं।
गिरफ्तारी और जांच
पुलिस ने घटनास्थल से 43 वर्षीय ब्रेंडन नूजंट को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद आसपास के लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के आने तक उसे रोके रखा। आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इसे एक जानबूझकर किया गया हमला बताया है, हालांकि इसके पीछे का मकसद अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
आरोपी का परिवार स्तब्ध
आरोपी के परिवार ने मंगलवार को एक बयान जारी कर इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हेन्स को "20 से अधिक वर्षों से मित्र" बताया और कहा कि वे जांच में विक्टोरिया पुलिस की हर संभव मदद करेंगे। पड़ोसियों का कहना है कि नूजंट का परिवार पिछले कुछ महीनों से उसके अजीब व्यवहार को लेकर चिंतित था।
सांसद की स्थिति और राजनीतिक प्रतिक्रिया
घायल सांसद को हेलीकॉप्टर से मेलबर्न के अल्फ्रेड अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई। डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री अल्बनीज ने हेन्स के प्रति समर्थन जताते हुए सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान की सराहना की है। इस घटना ने ऑस्ट्रेलिया में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर बहस छेड़ दी है। हेलेन हेन्स संघीय संसद में इंडी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं और 2019 से लगातार सांसद चुनी जा रही हैं।
इनपुट: IANS



