कैलिफ़ॉर्निया: हैलोवीन स्टोर में घुसकर हमलावर ने की अंधाधुंध गोलीबारी, 1 की मौत, 6 घायल
अमेरिका के कैलिफ़ॉर्निया में एक शॉपिंग मॉल उस वक्त दहल गया, जब एक हमलावर ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य…
अमेरिका के कैलिफ़ॉर्निया में एक शॉपिंग मॉल उस वक्त दहल गया, जब एक हमलावर ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना शुक्रवार रात फेयरफील्ड शहर के सोलानो टाउन सेंटर मॉल में हुई।
फेयरफील्ड पुलिस विभाग के प्रमुख डैन मार्शल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:30 बजे मॉल के अंदर स्थित 'स्पिरिट हैलोवीन' नामक स्टोर में गोलीबारी की सूचना मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया। मार्शल ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा, "हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस दिल दहला देने वाली घटना के पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं।"
जांच जारी, हमलावर की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है और हमलावर की पहचान के लिए चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। डैन मार्शल के अनुसार, जांचकर्ता "इस भयानक गोलीबारी के लिए जिम्मेदार संदिग्ध या संदिग्धों की पहचान करने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं।" कैलिफ़ॉर्निया हाईवे पेट्रोल ने ट्रैफिक नियंत्रण और मॉल को खाली कराने में स्थानीय पुलिस की मदद की। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उनके पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वे विभाग से संपर्क करें।
प्रत्यक्षदर्शी ने सुने "पांच जोरदार धमाके"
एनबीसी न्यूज़ के अनुसार, गोलीबारी के वक्त मारे गए व्यक्ति की पत्नी भी स्टोर के अंदर ही थीं। उन्होंने "पांच जोरदार धमाके" सुने और अन्य लोगों के साथ आपातकालीन निकास द्वार से बाहर निकलने में कामयाब रहीं। वह सुरक्षित घर पहुंच गईं, लेकिन गहरे सदमे में हैं। यह घटना मिशिगन के एक अन्य 'स्पिरिट हैलोवीन' स्टोर में हुई गोलीबारी के कुछ ही घंटों बाद हुई, जहां एक 21 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी।
इनपुट: IANS



