बुधवार, 2 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश

नोएडा: कैफे बंद होने पर महंगे शौक पूरे करने के लिए बना लिया चोर-गैंग, लिव-इन कपल समेत 3 गिरफ्तार

कैफे का कारोबार ठप होने के बाद अपने महंगे शौक और खर्चे पूरे करने के लिए एक लिव-इन कपल ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरों का गैंग बना लिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा पुलिस ने इस गैंग…

नोएडा: कैफे बंद होने पर महंगे शौक पूरे करने के लिए बना लिया चोर-गैंग, लिव-इन कपल समेत 3 गिरफ्तार
(फोटो: IANS)

कैफे का कारोबार ठप होने के बाद अपने महंगे शौक और खर्चे पूरे करने के लिए एक लिव-इन कपल ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरों का गैंग बना लिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा पुलिस ने इस गैंग की महिला सरगना समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से लाखों की नकदी, गहने, लैपटॉप और चोरी में इस्तेमाल होने वाली कार बरामद की है।

विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश उर्फ दिवाकर (30), इरफान उर्फ इमरान (32) और सोनाली (24) के रूप में हुई है। कैलाश और सोनाली लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हैं। पूछताछ में पता चला कि उन्होंने पहले गाजियाबाद और फिर नोएडा में कैफे खोला था, लेकिन कारोबार में नुकसान के चलते उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद आर्थिक तंगी के बीच अपने शौक पूरे करने के लिए तीनों ने चोरी का रास्ता अपना लिया।

दिन में रेकी-चोरी, रात में पार्टी

आरोपियों ने बताया कि वे दिन के समय हाई-राइज सोसायटियों और बंद मकानों की रेकी करते थे। गैंग की सरगना सोनाली खुद रेकी का नेतृत्व करती थी। पहचान छिपाने के लिए वे सिर पर टोपी और चेहरे पर मास्क लगाकर घूमते थे। एक बार जब किसी बंद घर की पुष्टि हो जाती, तो तीनों कार से मौके पर पहुंचकर वारदात को अंजाम देते थे। वे घर से सोना-चांदी, नकदी, मोबाइल, लैपटॉप जैसे कीमती सामान चुराकर फरार हो जाते थे। चोरी से मिले पैसों से वे रात में रेस्टोरेंट और बार में जाकर पार्टी करते थे।

चोरी का माल और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

सेक्टर-113 थाने की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से तीनों को सेक्टर-123 श्मशान घाट के पास से पकड़ा। उनके कब्जे से 3.5 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, पांच लैपटॉप, दो टैबलेट और छह मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल होने वाली कार और एक फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, बरामद कुछ लैपटॉप और टैबलेट सेक्टर-113 और सेक्टर-49 थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।

पुलिस ने यह भी बताया कि तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उनके खिलाफ नोएडा और मथुरा के कई थानों में चोरी समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गैंग द्वारा अंजाम दी गई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क

News4Social उत्तर प्रदेश डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तर प्रदेश से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →