नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो का होगा विस्तार: एक्वा लाइन पर बनेंगे 5 नए स्टेशन, कैबिनेट ने दी मंजूरी
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एक्वा लाइन मेट्रो रेल कॉरिडोर के…
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एक्वा लाइन मेट्रो रेल कॉरिडोर के विस्तार प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है। इस विस्तार के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक मेट्रो लाइन को आगे बढ़ाया जाएगा।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नए कॉरिडोर की लंबाई लगभग 8.449 किलोमीटर होगी और इस पर कुल 5 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना के पूरा होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर में सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे इन तेजी से विकसित हो रहे शहरों में कनेक्टिविटी की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी।
विस्तार से इन इलाकों को मिलेगा फायदा
कैबिनेट द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि यह विस्तार नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई महत्वपूर्ण व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा। इससे नोएडा सेक्टर-61 में ब्लू लाइन के साथ इंटरचेंज की सुविधा भी मिलेगी, जो यात्रियों के लिए एक सीधी कनेक्टिविटी का विकल्प प्रदान करेगा।
इस प्रोजेक्ट से जिन प्रमुख कमर्शियल हब को फायदा होगा, उनमें ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 स्थित गौर सिटी मॉल, एचएंसएस मॉल, ब्लू सैफायर मॉल और 'गोल्डन I' ऑफिस स्पेस शामिल हैं। इसके अलावा, नोएडा सेक्टर-51 में आइकिया, सेक्टर-73 में एंथ्यूरियम मॉल, सेक्टर-60 में टेक महिंद्रा व टीसीएल टेक के ऑफिस और सेक्टर-73 में ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
यातायात और जीवनशैली पर पड़ेगा असर
माना जा रहा है कि मेट्रो नेटवर्क के इस विस्तार से सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और यात्रा के समय में कमी आएगी। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा में भी सुधार की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों को दिल्ली हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों और बस डिपो जैसे परिवहन केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी, जिससे कार्यस्थलों तक पहुंच अधिक कुशल बनेगी और उत्पादकता में वृद्धि हो सकती है।
इनपुट: IANS



