जम्मू-कश्मीर: पंजाबी, पहाड़ी और गोजरी भाषाओं को मिल सकता है आधिकारिक दर्जा, बजट सत्र में आएगा विधेयक
जम्मू-कश्मीर में तीन क्षेत्रीय भाषाओं — पंजाबी, पहाड़ी और गोजरी — को आधिकारिक मान्यता देने की तैयारी चल रही है। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने पुष्टि की है कि आगामी बजट सत्र में इन भाषाओं को आधिकारिक…
जम्मू-कश्मीर में तीन क्षेत्रीय भाषाओं — पंजाबी, पहाड़ी और गोजरी — को आधिकारिक मान्यता देने की तैयारी चल रही है। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने पुष्टि की है कि आगामी बजट सत्र में इन भाषाओं को आधिकारिक दर्जा देने के लिए सरकार एक विधेयक पेश करेगी। नौशेरा में विकास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान, उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इस संवेदनशील विषय पर राजनीति करने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने यह भ्रामक प्रचार किया कि वह पंजाबी भाषा के खिलाफ हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने सिख समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समुदाय ने स्वयं प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन आरोपों का खंडन किया।
भाजपा पर साधा निशाना
सुरिंदर चौधरी ने भाजपा नेताओं की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा, "यदि उन्हें पंजाबी भाषा की इतनी चिंता थी, तो पिछले 12 वर्षों में इस दिशा में कदम क्यों नहीं उठाए गए?" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही पंजाबी को सीबीएसई के पाठ्यक्रम से हटा दिया गया था। उन्होंने यह भी पूछा कि हाल ही में संपन्न हुए दस दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा के 29 विधायकों ने इस मुद्दे पर कोई प्रस्ताव या विधेयक क्यों नहीं पेश किया।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। श्रीनगर में सिख नेताओं के साथ एक बैठक में सरकार ने आश्वासन दिया था कि पंजाबी के साथ-साथ पहाड़ी और गोजरी को भी आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया जाएगा, जिसके लिए सांसद शमी ओबराय को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
"पंजाबी किसी एक कौम की नहीं"
चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि पंजाबी भाषा की मांग पुरानी है और इसे किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "सिख समुदाय के लोग पंजाबी पढ़ते हैं, लेकिन दूसरी कौमों के लोगों को भी पंजाबी सीखने और पढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।" उनके अनुसार, पंजाबी भाषा का महत्व देश की धर्मनिरपेक्ष परंपराओं से भी जुड़ा है।
अंत में, उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस और अब्दुल्ला परिवार के सिख समुदाय के साथ पुराने संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने राज्यसभा सांसद शमी ओबराय का उदाहरण देते हुए भाजपा से सवाल किया कि उसने सिख समुदाय के लिए क्या किया है। चौधरी ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और डॉ. फारूक अब्दुल्ला से संपर्क करें।
इनपुट: IANS



