बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी का मौका: 206 पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 26 अगस्त
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में अपना करियर बनाना चाहते हैं तो बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) में आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। बैंक ने सीनियर मैनेजर समेत कुल 206 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं, लेकिन इसके लिए…
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में अपना करियर बनाना चाहते हैं तो बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) में आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। बैंक ने सीनियर मैनेजर समेत कुल 206 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं, लेकिन इसके लिए समय बहुत कम बचा है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू हुई थी और इसकी अंतिम तिथि 26 अगस्त निर्धारित है।
इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आखिरी तारीख से पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन शुल्क सामान्य, EWS और OBC वर्ग के लिए 850 रुपए है, जबकि SC/ST, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों के लिए यह 175 रुपए रखा गया है।
किन विभागों में हैं ये पद?
बैंक ऑफ बड़ौदा ने यह भर्तियाँ अपने कई विभागों के लिए निकाली हैं। इसमें सबसे ज्यादा 88 पद सुविधा प्रबंधन विभाग में हैं। इसके अलावा, सुरक्षा विभाग में 54, डिजिटल बैंकिंग में 19, सूचना सुरक्षा में 16, कॉर्पोरेट अकाउंट्स और टैक्स प्लानिंग में 15, और एंटरप्राइज डेटा मैनेजमेंट ऑफिस विभाग में 14 पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में BE/B.Tech, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, BCA, MCA, या चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA)/ICWA जैसी डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही, पद के अनुसार 2 से 10 साल तक का कार्य अनुभव भी मांगा गया है।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। न्यूनतम आयु सीमा पद के अनुसार 23 से 31 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 43 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सरकारी नियमों के तहत आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू (PI) या साइकोमेट्रिक टेस्ट और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। चयनित होने पर उम्मीदवारों को पद के अनुसार 48,480 रुपए से लेकर 1,20,940 रुपए प्रति माह तक का वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
इनपुट: IANS



