Bank of Baroda में 1100 पदों पर भर्ती: आवेदन के लिए सिर्फ कुछ दिन बाकी, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है, लेकिन आवेदन करने के लिए अब बहुत कम समय बचा है। बैंक ने वेल्थ मैनेजमेंट और कॉर्पोरेट क्रेडिट विभागों में 1,100 पदों के लिए…
बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है, लेकिन आवेदन करने के लिए अब बहुत कम समय बचा है। बैंक ने वेल्थ मैनेजमेंट और कॉर्पोरेट क्रेडिट विभागों में 1,100 पदों के लिए भर्तियां निकाली हैं, जिनकी आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर को समाप्त हो जाएगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ये सभी नियुक्तियां नियमित आधार पर की जाएंगी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 4 सितंबर से ही शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
बैंक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 1,100 रिक्तियों में से 1,000 पद वेल्थ एग्जीक्यूटिव (JMG/S-I) के लिए हैं और 100 पद क्रेडिट एनालिस्ट (MMG/S-II) के लिए आरक्षित हैं।
पात्रता और आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन के लिए कुछ खास योग्यताएं तय की गई हैं:
- वेल्थ एग्जीक्यूटिव: किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ भारतीय बीमा संस्थान से IC 38 प्रमाणपत्र या समकक्ष योग्यता और कम से कम 1 साल का अनुभव आवश्यक है।
- क्रेडिट एनालिस्ट: किसी भी विषय में ग्रेजुएशन के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) होना अनिवार्य है। साथ ही, संबंधित क्षेत्र में कम से कम 2 वर्षों का अनुभव भी मांगा गया है।
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। पद के अनुसार न्यूनतम आयु 21 से 22 वर्ष और अधिकतम आयु 32 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर होगा, जिसमें आवेदनों की स्क्रूटनी, ऑनलाइन टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और/या इंटरव्यू शामिल हैं। अंतिम रूप से चयनित होने पर वेल्थ एग्जीक्यूटिव को प्रति माह 48,480 से 85,920 रुपए और क्रेडिट एनालिस्ट को 64,820 से 93,960 रुपए का वेतन मिलेगा। इसके अलावा अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
आवेदन शुल्क
ऑनलाइन आवेदन करते समय शुल्क का भुगतान करना होगा। सामान्य/EWS/OBC वर्ग के लिए यह 750 रुपए है, जबकि SC/ST/PwBD/ESM और महिला उम्मीदवारों के लिए शुल्क 175 रुपए निर्धारित किया गया है।
इनपुट: IANS



