समस्तीपुर: तबादले के दिन पुलिस स्टेशन परिसर में ASI ने की आत्महत्या, जांच शुरू
बिहार के समस्तीपुर जिले में एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। शनिवार को उनका शव मोहिउद्दीननगर थाना परिसर में स्थित उनके आवास में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बबलू प्रसाद…
बिहार के समस्तीपुर जिले में एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। शनिवार को उनका शव मोहिउद्दीननगर थाना परिसर में स्थित उनके आवास में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बबलू प्रसाद के रूप में हुई है, जो पिछले ढाई साल से इसी थाने में डायल-112 सेवा में तैनात थे।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, बबलू प्रसाद का हाल ही में कल्याणपुर थाने में तबादला हुआ था और उन्हें शनिवार को ही नई जगह पर अपनी ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। जब वे वहां नहीं पहुंचे, तो उनके सहकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। थाना परिसर में उनके आवास पर पहुंचने पर उनका शव बरामद हुआ, जिसके बाद हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया।
हर एंगल से हो रही है जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
बबलू प्रसाद मूल रूप से पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल के रहने वाले थे। पुलिस ने उनके परिवार वालों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहकर्मियों को नहीं थी तनाव की जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ में बबलू प्रसाद के साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों ने बताया कि वह शांत स्वभाव के थे और ज्यादा बात नहीं करते थे। वे अक्सर अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद सीधे अपने कमरे में चले जाते थे। सहकर्मियों के अनुसार, उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि बबलू किसी निजी तनाव से गुजर रहे थे। पुलिस विभाग ने मृतक के परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
इनपुट: IANS



