बिहार: मंत्री निशांत कुमार को रोकने का मामला 'मानवीय भूल' करार, SSG जांच रिपोर्ट आई सामने
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके जाने की चर्चित घटना को विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) ने 'मानवीय भूल' बताया है। यह घटना वैशाली जिले में…
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके जाने की चर्चित घटना को विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) ने 'मानवीय भूल' बताया है। यह घटना वैशाली जिले में मुख्यमंत्री के एक निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा हुई।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एसएसजी ने अपनी जांच पूरी कर ली है और इस संबंध में एक बयान जारी किया है। जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ही काम किया, लेकिन इसी प्रक्रिया में मानवीय चूक के कारण मंत्री को रोका गया। बयान में यह भी जिक्र है कि निशांत कुमार को लगभग दो दशकों तक एसएसजी की ही सुरक्षा मिलती रही है।
क्या था पूरा घटनाक्रम?
यह वाकया तब हुआ जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वे 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे की तैयारियों का जायजा भी ले रहे थे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इसी दौरान, जब निशांत कुमार मुख्यमंत्री के करीब जाने की कोशिश कर रहे थे, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया था।
जदयू ने जताई थी कड़ी आपत्ति
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद जनता दल (यूनाइटेड) ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस मुख्यालय से जांच की मांग की थी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने इसे 'दुखद और पीड़ादायक' बताते हुए कहा था कि निशांत कुमार वैशाली के प्रभारी मंत्री भी हैं और आधिकारिक तौर पर ही मुख्यमंत्री के साथ थे। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या सुरक्षाकर्मियों ने मंत्री को जानबूझकर रोका या इसके पीछे कोई और कारण था। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा था कि निशांत कुमार का कद इतना बड़ा है कि कोई उन्हें अपमानित नहीं कर सकता और मुख्यमंत्री के साथ उनके संबंध मजबूत हैं।
इनपुट: IANS



