Bihar News: ऑपरेशन के दौरान बच्चे की मौत, डॉक्टर पर लगा लापरवाही का आरोप, क्लिनिक छोड़ संचालक फरार h3>
दरभंगा जिले के एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के सिरुआ गांव की है। मृतक का नाम देवानंद पासवान बताया गया है। बताया जाता है कि डॉक्टर ने बच्चे का हर्निया का ऑपरेशन किया, लेकिन ऑपरेशन के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
मौत के बाद डॉक्टर फरार
परिजनों ने बार-बार दूसरे डॉक्टर से दिखाने की मांग की, लेकिन इलाज करने वाले ने कोई ध्यान नहीं दिया और बच्चे की मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल का डॉक्टर और अन्य कर्मचारी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीच भेज दिया गया है।
डॉक्टर पर लगा गंभीर आरोप
मृतक के पिता विशाल कुमार ने बताया कि गुरुवार दोपहर उन्होंने अपने बेटे को इलाज के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी और पैसे जमा करने को कहा, जिसे उन्होंने जमा कर दिया। देर शाम ऑपरेशन शुरू हुआ, लेकिन बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती रही। बच्चे के कराहने की आवाज सुनने के बाद परिजन ने डॉक्टर से मदद मांगी, लेकिन डॉक्टर केवल कहता रहा कि थोड़ी देर में सब ठीक हो जाएगा। हालात और बिगड़ने पर डॉक्टर ने उन्हें दूसरे डॉक्टर के पास ले जाने के लिए कहा, लेकिन तब तक देवानंद की मौत हो गई।
‘गरीबों की मजबूरी का फायदा उठा रहे नर्सिंग होम’
घटना के बाद मौके पर पहुंची सामाजिक कार्यकर्ता श्यामा भारती ने कहा कि फर्जी नर्सिंग होम गरीबी और मजबूरी का फायदा उठाकर मरीजों का दोहन करते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से ऐसे संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि डॉक्टर की घोर लापरवाही के कारण हुई मौत की जांच कर दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: मोतिहारी में देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस की छापेमारी में दो दलाल सहित चार महिलाएं गिरफ्तार
पुलिस ने क्या कहा?
वहीं, इस पूरे प्रकरण को लेकर बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसूनजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीच भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




