Bhagwant Mann: भगवंत मान को फ्रैंकफर्ट में विमान से उतारा, विपक्ष बोला- ‘नशे’ में थे पंजाब CM, नागरिक उड्डयन मंत्री ने क्‍या कहा?

54
Bhagwant Mann: भगवंत मान को फ्रैंकफर्ट में विमान से उतारा, विपक्ष बोला- ‘नशे’ में थे पंजाब CM, नागरिक उड्डयन मंत्री ने क्‍या कहा?

Bhagwant Mann: भगवंत मान को फ्रैंकफर्ट में विमान से उतारा, विपक्ष बोला- ‘नशे’ में थे पंजाब CM, नागरिक उड्डयन मंत्री ने क्‍या कहा?

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) के विदेश दौरे को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने पंजाब और पंजाबियों को विदेशों में शर्मसार किया है। शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल ने दावा किया कि ज्यादा शराब पीने की वजह से भगवंत मान को जर्मनी में फ्लाइट से उतार दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भगवंत मान की वजह से फ्लाइट चार घंटे लेट हुई। उधर, इस पूरे मसले पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को कहा कि वह इन आरोपों पर गौर करेंगे कि ‘नशे में होने के कारण’ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे पर दिल्ली आने वाले विमान से उतार दिया गया था। मंत्री ने जोर दिया कि तथ्यों को वैर‍िफाइड करना जरूरी है।

उधर, एयरलाइंस कंपनी लुफ्थांसा ने भी इस पूरे मसले पर अपना बयान जारी किया है। उसने ट्वीट किया, ‘फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जाने वाली हमारी उड़ान में देरी मूल रूप से दूसरे विमान के आने में विलंब और एयरक्राफ्ट को बदलने की वजह से हुई।’ कंपनी ने यह भी कहा कि डेटा सुरक्षा के लिहाज से हम किसी भी व्यक्ति की निजी जानकारी साझा नहीं करते हैं। हालांकि, पंजाब में सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।


AAP ने आरोपों को निराधार और फर्जी बताया

आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने आरोपों को निराधार और फर्जी बताया। विपक्षी दलों पर मुख्यमंत्री को बदनाम करने के लिए नकारात्मक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘आरोप निराधार, फर्जी और झूठे हैं। विपक्षी दल मुख्यमंत्री के खिलाफ अफवाह फैला रहे हैं क्योंकि वे इस तथ्य को पचा नहीं पा रहे हैं कि वह राज्य में निवेश लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।’ मान सोमवार को जर्मनी से अपनी आठ दिवसीय यात्रा से लौटे, जहां वह विभिन्न क्षेत्रों में निवेश प्रस्ताव आमंत्रित करने गए थे।

कांग्रेस ने की जांच की मांग
उधर, कांग्रेस नेता और पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर मान को विमान से उतारने की खबरें सही हैं तो यह पूरे देश के लिए शर्मिंदगी की बात है।

सुखबीर सिंह बादल ने लगाए आरोप
इससे पहले शिअद के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया कि मान को नशे की हालत में होने के कारण लुफ्थांसा के विमान से उतार दिया गया। बादल ने ट्वीट किया क‍ि सह-यात्रियों के हवाले से मीडिया में आई परेशान करने वाली खबरों में कहा गया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री मान को लुफ्थांसा की उड़ान से उतार दिया गया क्योंकि वह बहुत ज्यादा नशे में थे। इससे उड़ान में चार घंटे की देरी हुई। वह ‘आप’ के राष्ट्रीय अधिवेशन से चूक गए। इन खबरों ने दुनिया भर के पंजाबियों को शर्मसार किया है।


‘केजरीवाल को मुद्दे पर स्पष्टीकरण देने की जरूरत’

बादल ने एक अन्य ट्वीट में इस बात पर भी हैरानी जताई कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर चुप है। शिअद प्रमुख ने कहा क‍ि हैरानी की बात यह है कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री मान के बारे में इन खबरों पर चुप्पी साधे है। अरविंद केजरीवाल को इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण देने की जरूरत है। भारत सरकार को कदम उठाना चाहिए क्योंकि इसमें पंजाबी और राष्ट्रीय गौरव की बात है। यदि उन्हें विमान से उतारा गया था, तो भारत सरकार को अपने जर्मन समकक्ष के साथ इस मुद्दे को उठाना चाहिए।

पंजाब की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Punjab News