पश्चिम बंगाल: STF की दो बड़ी कार्रवाइयों में भारी मात्रा में विस्फोटक और अवैध हथियार बरामद
पश्चिम बंगाल में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। बीरभूम जिले में जहाँ एक ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई, वहीं आसनसोल-दुर्गापुर…
पश्चिम बंगाल में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। बीरभूम जिले में जहाँ एक ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई, वहीं आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट क्षेत्र में अवैध हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ। इन कार्रवाइयों में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पहली कार्रवाई बीरभूम जिले के मुराराई थाना क्षेत्र में हुई। यहाँ के बरोआ गोपालपुर गाँव में गुरुवार सुबह एक अवैध ठिकाने पर STF ने छापा मारा। इस ऑपरेशन में 1,150 जिलेटिन स्टिक, 989 डेटोनेटर और 12,000 मीटर लंबी डेटोनेटिंग कॉर्ड बरामद की गई।
विस्फोटक मामले में दो गिरफ्तार, जांच जारी
इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान राजग्राम निवासी मो. रजा शेख उर्फ गुडा और सूरी (तिलपारा) के रहने वाले मुकेश सिंह के रूप में हुई है। अधिकारियों ने इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटकों की बरामदगी को गंभीर चिंता का विषय बताया है। पश्चिम बंगाल STF का एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) भी इस बात की जांच कर रहा है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल कहाँ किया जाना था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह सामग्री कहाँ से आई, इसे किसे भेजा जाना था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है।
अवैध हथियारों का जखीरा भी बरामद
एक दूसरे मामले में STF ने आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट के पांडबेश्वर थाना क्षेत्र से हथियारों का बड़ा जखीरा जब्त किया है। पुलिस ने 3 और 5 नवंबर को हुई इस कार्रवाई में आरोपी एसके शाहजहां के पास से कुल 21 अवैध हथियार बरामद किए। इनमें 6 लंबी बंदूकें, चार 7एमएम पिस्तौल और 11 पाइप गन शामिल हैं। इसके साथ ही 65 राउंड कारतूस भी मिले हैं, जिनमें 47 राउंड 8एमएम और 18 राउंड 7.65एमएम के हैं। पुलिस के मुताबिक, शाहजहां एक कुख्यात अपराधी है और अवैध कोयला व्यापार में भी संलिप्त रहा है।
यह कार्रवाई जामुड़िया थाना के एक पुराने मामले (केस नंबर 310/26) के सिलसिले में की गई। इसी केस में पहले खैरुल आलम को 2 और मो. शमशेर को 15 अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में अब तक कुल 38 हथियार और 122 राउंड कारतूस जब्त किए जा चुके हैं।
इनपुट: IANS



