प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर में सुरक्षा बलों संग मनाई दिवाली, कहा- जवानों के बलिदान और त्याग को नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली का त्योहार छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के साथ मनाने का फैसला किया है। उन्होंने इस अवसर पर देश के प्रति सुरक्षा कर्मियों के निस्वार्थ सेवा और अटूट समर्पण…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली का त्योहार छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के साथ मनाने का फैसला किया है। उन्होंने इस अवसर पर देश के प्रति सुरक्षा कर्मियों के निस्वार्थ सेवा और अटूट समर्पण को सलाम किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी बस्तर यात्रा की जानकारी दी।
पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा, "हमारे बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर जा रहा हूं।" उन्होंने इस क्षेत्र के बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक ऐसा इलाका है जहां कभी नक्सलवाद का बोलबाला था और अब विकास फल-फूल रहा है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "मैं हमारे बहादुर सुरक्षा कर्मियों को उनके बलिदान, निस्वार्थ सेवा और देश के प्रति अटूट समर्पण के लिए सलाम करने जा रहा हूं।"
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। वीर सील, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।" इससे पहले पीएम मोदी ने एक अलग पोस्ट में देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी थीं।
रक्षा मंत्री भी जवानों के बीच
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी दीपावली के अवसर पर जवानों के साथ समय बिताएंगे। उन्होंने 'एक्स' पर जानकारी दी थी कि वह दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार को दार्जिलिंग के बागडोगरा एयरफील्ड और सिलीगुड़ी के सुकना में भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात करेंगे।
रक्षा मंत्री ने बताया कि 8 नवंबर को दीपावली के दिन वह सिक्किम स्थित शेरथांग युद्ध स्मारक जाएंगे। वहां वह देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और क्षेत्र में तैनात जवानों से संवाद भी करेंगे। बता दें कि 'वाटरशेड शहीद युद्ध स्मारक' के नाम से भी जाना जाने वाला यह स्मारक पूर्वी सिक्किम में भारत-चीन सीमा पर नाथू ला दर्रे के पास स्थित है।
इनपुट: IANS



